प्रयागराज में इंस्पेक्टर के इकलौते बेटे की यमुना में डूबने से मौत हो गई। आरोप है कि NCC छात्र बिना लाइफ जैकेट के नदी में उतरा, लेकिन कोच ने उसे नहीं रोका। छात्र तैरते-तैरते गहराई में चला गया। साथी छात्रों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह डूब चुका था।
गोताखोरों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला। छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 20 साल का अमन ईविंग क्रिश्चियन कॉलेज से बायोलॉजी से B.Sc कर रहा था। इसके साथ ही NCC भी कर रहा था।
कोच ने अमन को बिना लाइफ जैकेट के पानी में उतारा- साथी छात्र
अमन झूंसी की ब्रह्मपुरी कॉलोनी का रहने वाला था। उसके पिता निरंजन यादव यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर हैं। अमन तीन बहनों में इकलौता भाई था। बुधवार को अमन NCC कोच राकेश कुमार और साथी छात्रों के साथ गऊघाट पहुंचा।
यहां वह यमुना नदी में तैराकी सीख रहा था। छात्रों का कहना है कि कोच ने अमन को बिना लाइफ जैकेट के पानी में उतार दिया था। वह तैरते-तैरते गहराई में चला गया। हम लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह डूब चुका था।
गोताखोरों की मदद से अमन को बाहर निकाला गया। उसे तुरंत स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
छात्र बोले- NCC स्टाफ ने बिना लाइफ इंस्ट्रक्टर के कैसे भेजा
छात्रों ने एक लेटर जारी कर अमन की मौत पर शोक जताया है। छात्रों ने आरोप लगाया- ECC कॉलेज के NCC स्टाफ की तरफ से बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ की बहुत बड़ी लापरवाही हुई है। NCC की तरफ से अमन यमुना नदी में तैराकी की प्रैक्टिस करने गया था। NCC स्टाफ बिना किसी लाइफ इंस्ट्रक्टर के किसी छात्र को कैसे भेज सकता है? यमुना नदी में बिना किसी लाइफ इंस्ट्रक्टर या लाइफ जैकेट के तैरने की प्रैक्टिस के दौरान डूबकर अमन की मौत हो गई।