प्रेमानंद महाराज ने पदयात्रा रोकी तो रो पड़े भक्त:3 दिन से कार से आश्रम जा रहे, देर रात तक डायलिसिस; लोग बोले- जल्द स्वस्थ हों

प्रेमानंद महाराज पिछले तीन दिनों से पदयात्रा पर नहीं निकल रहे हैं। महाराज का आशीर्वाद लेने के लिए हजारों भक्तों को लौटना पड़ रहा है। बुधवार आधी रात बाद आश्रम के सेवादार ने माइक से अनाउंस किया कि महाराज जी आज भी पदयात्रा पर नहीं निकलेंगे। यह सुनकर कई भक्त रो पड़े।

भक्तों ने ईश्वर से कामना की कि महाराज जी जल्द स्वस्थ हों। बता दें कि प्रेमानंद महाराज किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पहले कभी-कभी प्रेमानंद महाराज की डायलिसिस होती थी, इन दिनों रोज देर रात तक डायलिसिस हो रही है। स्वास्थ्य कारणों से वह पदयात्रा पर नहीं निकल रहे।

2 किमी पैदल चलकर जाते हैं महाराज

प्रेमानंद महाराज रात 2 बजे वृंदावन में श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी से रमणरेती स्थित आश्रम हित राधा केली कुंज के लिए निकलते हैं। 2 किमी पैदल चलकर जाते हैं। प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए रात को हजारों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं। आम दिनों में यह संख्या करीब 20 हजार के करीब होती है। वीकेंड पर दर्शन करने वाले भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है और लाखों में पहुंच जाती है। वहीं, बड़े पर्वों पर 3 लाख से ज्यादा हो जाती है।

5-6 घंटे भक्त इंतजार में बैठे रहे, कई रंगोली बनाते रहे

बुधवार देर रात प्रेमानंद महाराज पदयात्रा के दौरान होने वाले दर्शन के लिए हजारों भक्त पहुंचे। देर शाम से ही भक्तों ने उनकी पदयात्रा के रास्ते में अपना डेरा जमा लिया। 5-6 घंटे से सड़क किनारे कोई बैठकर भजन गा रहा तो कोई प्रेमानंद महाराज के दर्शन की राह देख रहा। कई भक्त महाराज के स्वागत के लिए रंगोली बना रहे थे तो कोई सड़क पर फूल बिछा रहा था। इसी बीच रात करीब 1 बजे आश्रम के सेवादार आए। सेवादारों ने घोषणा की कि महाराज जी आज पदयात्रा नहीं करेंगे। आप लोग अपनी दिनचर्या पर वापस जा सकते हैं।

महाराज जी पदयात्रा पर नहीं आएंगे…सुनकर रो पड़े भक्त

प्रेमानंद महाराज के दर्शन की आस में बैठे भक्तों ने जैसे सुना- महाराज जी पदयात्रा नहीं निकालेंगे, वो रो पड़े। पिछले 3 साल से दर्शन करने नियमित आ रहे हरिओम ने कहा- मैं एक होटल में काम करता हूं। 12-14 घंटे काम करने के बाद महाराज जी के दर्शन करने आता हूं। हमारी ये आदत बन गई है। स्वास्थ्य कारणों से पिछले 3 दिन से महाराज जी नहीं आ रहे हैं। मैं बांके बिहारी जी और राधा रानी से प्रार्थना कर रहा हूं कि महाराज जी जल्द स्वस्थ हों।

राजस्थान से दर्शन करने पहुंचे भक्त

प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा के दौरान होने वाले दर्शन के लिए राजस्थान के करौली से पहुंचे भक्त कैलाशी ने बताया- मैं दर्शन करने आई थी। लेकिन, अब पता चला कि महाराज जी का स्वास्थ्य सही नहीं है। अब वापस जा रही हूं। महाराज जी जल्दी स्वस्थ हों, फिर दर्शन करने आएंगे।

महाराज कार से आश्रम जा रहे

प्रेमानंद महाराज पदयात्रा पर नहीं आ रहे, लेकिन वह सुबह जल्दी कभी 4 बजे तो कभी 6 बजे कार से केली कुंज आश्रम जा रहे हैं। जहां वह राधा रानी की आराधना करते हैं और एकांतिक वार्तालाप में भक्तों के सवालों का जवाब दे रहे हैं।

आश्रम ने महाराज के स्वास्थ्य का भी ख्याल रखा, उन्हें क्या बीमारी है… जानिए

प्रेमानंद महाराज को 20 साल से किडनी की समस्या

केलि कुंज आश्रम के संत नवल नागरी दास महाराज ने बताया- प्रेमानंद महाराज को करीब 20 साल से किडनी की समस्या है। पहले हफ्ते में 3 बार डायलिसिस होती थी। लेकिन अब समस्या बढ़ गई तो हफ्ते में 4 से 5 बार डायलिसिस की जा रही है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या दूर होने के बाद वह फिर से पैदल यात्रा करेंगे।

सोसाइटी में ही होती है डायलिसिस

संत प्रेमानंद महाराज श्री कृष्ण शरणम् सोसाइटी में रहते हैं। इस सोसाइटी में उनके 2 फ्लैट हैं। HR 1 ब्लॉक के फ्लैट नंबर 209 और 212 उनके पास हैं। 2 BHK इन फ्लैट में से एक में वह रहते हैं जबकि दूसरे फ्लैट में डायलिसिस का इंतजाम किया हुआ है। इसी फ्लैट में उनका हफ्ते में 4 से 5 बार डायलिसिस की जा रही है।