बबैल रोड पर शिव नगर के एक घर की गैलरी में दफन मिले महिला व दो बच्चों के कंकालों के मामले की पुलिस ने 24 घंटे में ही गुत्थी सुलझा ली है। सीआइए वन ने आरोपित कारपेंटर 50 वर्षीय एहसान सैफी को उत्तर प्रदेश के भदोही की रिजेंसी स्ट्रीट के पास से गिरफ्तार किया है। बुधवार रात को पुलिस आरोपित को लेकर पानीपत पहुंची। आरोपित पहले पुलिस को बरगलाता रहा। सख्ती से पूछा तो बताया कि वह प्रेमिका व दो बच्चों के साथ शिव नगर में रहता था। ढाई साल पहले तीनों की हत्या कर शवों को दफना दिया था और ऊपर से प्लास्टर कर दिया था ताकि किसी को शक न हो।
इसके बाद मकान शुगर मिल के पवन को बेचकर भदोही भाग गया था। वहां पर एक अन्य महिला मित्र के साथ रह रहा था। उसकी पत्नी, एक बेटा मुजफ्फरनगर में रहता है। दूसरा बेटा विदेश में नौकरी करता है।
पीजीआइ में हुआ पोस्टमार्टम
महिला व दो बच्चों के कंकालों का पोस्टमार्टम करने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट डा. नारायण डबास और डा. शशि लता का बोर्ड बना लिया गया था। मामला गंभीर होने के कारण तीन एक्सपर्ट की जरूरत थी, इसलिए शवों को पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने कंकालों का पोस्टमार्टम किया। महिला की उम्र 35 से 40 और बच्चों की आयु 12 से 14 साल बताई गई है। कंकाल दो से ढाई साल पुराने हैं। पोस्टमार्टम से पता चलेगा कि हड्डी में फ्रेक्चर है या नहीं। तीनों की हत्या किसी हथियार से वार कर की है या फिर गला दबाकर। सैंपल डीएनए जांच के लिए भेजे जाएंगे। वीरवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तीनों की मौत की वजह पता चलेगी।
इस वजह से था एहसान पर शक
पड़ोसियों ने बताया कि फर्नीचर का काम करने वाला एहसान और उसके पास रहने वाली महिला, दो बच्चे किसी भी पड़ोसी के साथ वास्ता नहीं रखते थे। महिला व बच्चे फैक्ट्री में काम करते थे। मकान बेचने से कुछ दिन पहले दिखाई नहीं दिए थे। अगस्त 2018 को एहसान आनन-फानन मकान बेचकर भाग गया। सीआइए वन जगदीश नगर पहुंची। वहीं से पता चला कि एहसान भदोही में रहता है।
यह है मामला
शिव नगर में पवन के 60 गज के मकान की मरम्मत का काम चल रहा था। गली ऊंची होने के कारण पीछे का कमरा व गैलरी का फर्श नीचे था। इसमें एक कोने से चींटियां निकल रही थीं। राजमिस्त्री विकास ने फर्श तोड़ा तो हथौड़ा अंदर धंस गया। इसके बाद तीन फीट गहरा गड्ढा खोदा तो महिला और दो बच्चों के कंकाल दिखाई दिए। पवन की शिकायत पर खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।