गुरुग्राम के सेक्टर 10 थाना क्षेत्र के हयातपुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके बाथरूम से बरामद किया गया। मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया।
इस दौरान उसके मायके वालों ने विरोध भी किया और वे कुछ देर तक शव ले जा रही एम्बुलेंस के सामने भी खड़े रहे। दिल्ली के रोहिणी के राजापुर में रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि उनकी बेटी संजना की शादी डेढ़ साल पहले हयातपुर निवासी हेमंत से हुई थी।
शादी के बाद कुछ दिनों तक ठीक चली। इसके बाद झगड़ा और मारपीट की शिकायत मिली। दो महीने पहले संजना के साथ मारपीट की गई। इसके बाद संजना अपने मायके में रहने लगी।
कुछ दिन पहले ही आई थी ससुराल
सुलह समझौते के बाद संजना वापस ससुराल गई थी। शुक्रवार दोपहर ससुराल के लोगों ने मायकेवालों को जानकारी दी कि संजना की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। ससुराल के लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए थे। इस पर मायकेवाले भी वहां पहुंच गए। परिवार वालों का आरोप है कि उसे दहेज के लिए परेशान किया जाता था और उसका दहेज का सामान भी खराब बताकर तोड़ दिया था।
शरीर पर चोट के निशान बताए
उन्होंने पुलिस से गहनता से जांच करने और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी। सेक्टर 10 थाना पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं डाक्टरों का कहना है कि शरीर के कुछ हिस्सों पर चोटों के निशान मिले हैं। हालांकि अभी कुछ साफ नहीं कहा जा सकता कि मौत की सही वजह क्या है। डाक्टरों ने बिसरा को जांच के लिए लैब भेज दिया है।