कोलकाता के होटल में आग लगी, 14 की मौत:22 लोगों को बचाया, छत-खिड़की से कूदते नजर आए लोग; SIT जांच करेगी

कोलकाता के फालपट्टी मछुआ इलाके में मंगलवार रात एक होटल में आग लगने से 14 लोगों की मौत और 13 लोग घायल हो गए। आग पर काबू पा लिया गया है। 22 लोगों को बचाया गया।

पुलिस के मुताबिक, मरने वालों में 2 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है। वहीं, 11 पुरूष मृतकों में से 8 की पहचान कर ली गई है।

पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने बताया- आग ऋतुराज होटल में रात करीब 8:15 बजे लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव का काम शुरू किया। अब तक 14 शव निकाले जा चुके हैं। हादसे की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि होटल की चौथी मंजिल पर लगे बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। घटनास्थल पर मौजूद एक शख्स ने बताया कि जान बचाने के लिए कई लोग होटल की छत और खिड़कियों से कूदते नजर आए।

बंगाल भाजपा अध्यक्ष बोले- सरकार जरूरी सहायता पहुंचाए

केंद्रीय मंत्री और बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हादसे पर दुख जताया। साथ ही कहा- मैं राज्य प्रशासन से आग्रह करता हूं कि प्रभावित लोगों को तुरंत बचाया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए फायर सेफ्टी के सख्त नियम बनाए जाएं।

कांग्रेस अध्यक्ष बोले- सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे

पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा- यह एक दुखद हादसा है। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। समझ नहीं आता कोलकाता नगर निगम क्या कर रहा है।

अजमेर के पालरा इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार रात कागज के गत्ते की फैक्ट्री में आग लग गई। छह घंटे की मशक्कत के बाद करीब पांच बजे आग पर काबू पाया। कुछ जगहों पर हल्की आग अब भी लग है।