अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव हासमपुर के जंगल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गन्ने के खेत में एक 45 वर्षीय महिला का शव कोट-पैंट के कवर में मिला है। शव कई दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है।
ग्रामीणों को खेत में एक कोट-पैंट का कवर मिला, जिसमें से दुर्गंध आ रही थी। जब उन्होंने कवर की चेन खोली तो अंदर महिला का शव था। मौके पर पहुंची अमरोहा देहात थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सर्किल सीओ अवध भान भदोरिया के अनुसार, अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। महिला की तस्वीर को जिले और आसपास के थानों में भेजा गया है, ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके।
वहीं महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।