आज यानी 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर सोने और चांदी में गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम ₹1,650 गिरकर ₹94,361 पर आ गया है। इससे पहले 10 ग्राम सोने की कीमत ₹96,011 थी।
वहीं, एक किलो चांदी की कीमत आज ₹3,276 कम होकर ₹94,114 प्रति किलो हो गई है। इससे पहले चांदी का भाव ₹97,390 प्रति किलो था। एक्सपर्ट्स के अनुसार मुनाफा वसूली के कारण ये गिरावट देखने क को मिली है।
बीते दिनों सोने-चांदी की कीमतें बढ़ने के बाद अब निवेशक अपना गोल्ड बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में शॉर्ट टर्म में सोने-चांदी में और गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे पहले सोने ने 21 अप्रैल को ₹99,100 का और 28 मार्च को चांदी ने ₹1,00,934 का ऑल टाइम हाई बनाया था।
4 महानगरों और भोपाल में सोने की कीमत
- दिल्ली: 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 89,900 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 98,040 रुपए है।
- मुंबई: 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 89,750 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 97,910 रुपए है।
- कोलकाता: 10 ग्राम 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 89,750 रुपए और 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 97,910 रुपए है।
- चेन्नई: 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 89,750 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 97,910 रुपए है।
- भोपाल: 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 89,800 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 97,940 रुपए है।
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना शुभ आज अक्षय तृतीया मनाई जा रही है। इस दिन हमारे देश में सोना खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में लोग इस दिन सोने की खरीदारी करते हैं। कई लोग इस सोच के साथ सोना खरीदते हैं कि बुरे वक्त में वे इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।
अगले साल अक्षय तृतीया तक 1.05 लाख पहुंच सकता है सोना
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि जियो पॉलिटिकल टेंशन बढ़ने से गोल्ड को सपोर्ट मिल रहा है। वहीं गोल्ड ETF में निवेश भी बढ़ रहा है। इससे गोल्ड की डिमांड बढ़ रही है। ऐसे में अगली अक्षय तृतीया तक सोना 1.05 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।
सोना खरीदते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान
1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।
2. कीमत क्रॉस चेक करें सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है। 24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्योंकि वो बेहद मुलायम होता है।
3. कैश पेमेंट न करें, बिल लें सोना खरीदते वक्त कैश पेमेंट की जगह UPI (जैसे भीम ऐप) और डिजिटल बैंकिंग के जरिए पेमेंट करना अच्छा रहता है। आप चाहें तो डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भी पेमेंट कर सकते हैं। इसके बाद बिल लेना न भूलें। यदि ऑनलाइन ऑर्डर किया है तो पैकेजिंग जरूर चेक करें।