पहलगाम आतंकी हमले के बदले भारत की पाकिस्तान पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत एयर स्ट्राइक के दौरान पंजाब के बठिंडा में गेहूं के खेत में प्लेन क्रैश हो गया। जिसमें एक व्यक्ति की मौत और 9 लोग घायल हुए हैं। मृतक का नाम गोविंद है और वह हरियाणा के चरखी दादरी जिले का रहने वाला है। जिस जगह प्लेन क्रैश हुआ, वह आबादी से 500 मीटर दूर है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना रात 2 बजे बठिंडा में गोनियाना मंडी के अकालियां कलां गांव में हुई। इस दौरान खेत में प्लेन गिरा। जिसके बाद उसमें आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरा एरिया सील कर दिया। मीडिया को भी 2 किमी पहले रोका गया है।
इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें खेत में प्लेन जैसी चीज जलती हुई दिख रही है। वीडियो में एक चश्मदीद पुष्टि करते हुए कह रहा है कि खेत में प्लेन गिरा है। जब लोगों ने उसके करीब जाने की कोशिश की तो उसमें ब्लास्ट हो गया। वीडियो में फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग भी बुझाते हुए दिख रहे हैं।
यह प्लेन कौन सा है और किसका है, इसके बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। इसके पायलट के बारे में भी अभी कोई सूचना नहीं है।
गोनियाना मंडी की SMO ने घटना को लेकर क्या कहा
1. प्लेन क्रैश जैसे हादसे में जख्मी हुए
गोनियाना मंडी अस्पताल की सीनियर मेडिकल अफसर (SMO) डॉक्टर धीरा गुप्ता ने कहा- रात करीब ढाई बजे सूचना आई कि अस्पताल में कुछ मरीज आए हैं, जोकि शायद प्लेन क्रैश जैसे किसी हादसे में जख्मी हुए हैं। हमें किसी ने ये नहीं बताया कि कहां और कौन सा प्लेन क्रैश हुआ?
2. अस्पताल में 10 लोग लाए गए
SMO डॉक्टर धीरा गुप्ता ने आगे बताया कि हमारे पास गोनियाना मंडी के अस्पताल में कुल 10 लोगों को लाया गया था। जिनमें से एक की मौत हो चुकी थी। बाकी 9 लोग घायल हालत में थे। इन सभी का तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया था।
3. गंभीर घायल 2 लोगों को सिविल अस्पताल भेजा गया
SMO डॉ. धीरा गुप्ता ने बताया कि 2 घायलों की हालत गंभीर थे। इस वजह से उन्हें बठिंडा के सिविल अस्पताल में भेज दिया गया। बाकियों को मामूली इलाज के बाद दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। डॉक्टर गुप्ता ने आगे कहा- हमें पता चला है कि खेत में काम करने के लिए कुछ लोग यहां बाहर से आए थे, वह भी जख्मी हुए हैं। फिलहाल हालात हमारे कंट्रोल में हैं।
इस हादसे से जुड़ी 4 अहम बातें
- बठिंडा पुलिस और प्रशासन की तरफ से अभी तक हादसे को लेकर कोई बयान नहीं दिया गया है।
- मीडिया को घटनास्थल से 2 किमी दूर रखा गया है। मौके पर सिर्फ पंजाब पुलिस के अधिकारी मौजूद हैं।
- अभी यह पता नहीं चला है कि यह प्लेन किसका था। कहां से कहां जा रहा था। इसे कौन उड़ा रहा था।
- हादसे में घायल हुए लोगों की अभी पहचान के बारे में पता नहीं चला है। फिलहाल सभी पुलिस की निगरानी में है।
- इस प्लेन का ऑपरेशन सिंदूर से क्या नाता है, इसको लेकर भी अभी पुलिस या सेना की तरफ से कोई औपचारिक बयान नहीं दिया गया है।