मुरादाबाद में 70 कपड़ा गोदामों में भीषण आग:तेज हवाओं से लपटें 50 फीट ऊपर तक उठी; कारोबारी बोले- 2 घंटे लेट आए दमकल कर्मी

मुरादाबाद में सोमवार शाम पुराने कपड़ों के गोदाम में भीषण आग लग गई। हवा तेज चल रही है। आग 5 गोदामों से फैलकर 70 गोदामों तक पहुंच गई है। मौके पर काम कर रहे मजदूर जान बचाकर भागे।

फायर ब्रिगेड की 10-12 गाड़ियां मौके पर हैं। रात 2.30 बजे तक 60 फायर कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। रामपुर, अमरोहा, संभल से भी फायर टेंडर बुलाए गए। आग इतनी भीषण लगी है कि आग की लपटें और धुएं के गुबार 2 Km दूर तक दिखाई पड़ रहा है।

आसपास के घरों को भी खाली करा दिया गया है। क्या आग में कोई फंसा है? फायर टेंडर इसकी पुष्ट नहीं कर रहे हैं। लोगों की मदद से फायर टेंडर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। हादसा जिले के भोजपुर कस्बे का है।

एक गोदाम मालिक निसार अहमद ने बताया-

आग शाम 7 बजे लगी। फायर ब्रिगेड 2 घंटे लेट आए। तब तक आग भीषण हो चुकी थी। अब तक करीब 70 गोदाम में आग फैल चुकी है। ये सभी पुराने कपड़ों के गोदाम हैं। लोग फेरी लगाकर कपड़ा बेचते हैं। ये पुराना कपड़ा फैक्ट्रीज में भी इस्तेमाल होता है

​​​​​​लोग पानी डालते रहे, आग बेकाबू हुई तो फायर ब्रिगेड को कॉल किया भोजपुर से सटे रानी नागल में कपड़े के करीब 100 से ज्यादा गोदाम हैं। यहां पुराने कपड़े स्टोर किए जाते हैं। इन गोदामों में लेबर पुराने कपड़ों से दरियां बनाते हैं, वहीं पर रहते भी हैं।

सोमवार शाम करीब 7 बजे लोगों ने एक गोदाम से धुआं उठते देखा। शोर मचाते हुए लोगों ने पानी डालना शुरू किया। मगर हवा तेज थी, इसलिए आग तेजी से आसपास के गोदाम में भी फैल गई। बुझाने का प्रयास करते हुए लोग घबराए, तब फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

एक-एक करके 5 गोदामों तक आग फैल गई। इस वक्त करीब 12 गाड़ियां आग पर पानी लगातार डाल रही हैं, मगर आग फैलती जा रही है।

SP क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया, ‘यह भोजपुर का रानीनगला गांव है। यहां आग लगी है, मौके पर 12 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं। आग बुझाने का काम जारी है, हम कुछ हद तक आग पर काबू पा चुके हैं। यह कपड़े की फैक्ट्री है। अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। एंबुलेंस का इंतजाम कर लिया गया है। अस्पताल अलर्ट पर हैं।’