नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव फिर पापा बन गए हैं। उन्होंने मंगलवार सुबह बेटे के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर की है।
तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर बेटे की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। घर में छोटे बच्चे के आने से बहुत खुश हूं। जय हनुमान।’
बुआ रोहिणी ने लिखा, ‘जूनियर टूट्टू को ढेर सारा प्यार।’
हॉस्पिटल का एक 24 सेकेंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें वीडियो कॉल पर तेजस्वी यादव अपने पिता लालू यादव से कह रहे हैं, ‘पापा, बेटा हुआ है, आपका पोता हुआ है।’
राजश्री कोलकाता के अस्पताल में भर्ती हैं। 26 मई को लालू-राबड़ी बहू से मिलने कोलकाता के लिए निकले थे।
2023 में पहली बार पिता बने थे तेजस्वी यादव
27 मार्च 2023 में तेजस्वी यादव पहली बार पिता बने थे। उस वक्त एक बेटी का जन्म हुआ था, जिसका लालू यादव ने कात्यायनी नाम रखा। उस वक्त तेजस्वी नीतीश सरकार में डिप्टी CM थे। तब परिवार लैंड फॉर जॉब्स केस में ED और CBI की पूछताछ का भी सामना कर रहा था।
दिसंबर 2021 में दिल्ली में बचपन की दोस्त के साथ की थी शादी
9 दिसंबर 2021 को तेजस्वी यादव ने राजश्री यादव से शादी की थी। दिल्ली के साकेत स्थित मीसा भारती के सैनिक फार्म हाउस पर विवाह समारोह संपन्न हुआ था।
पहले दोनों की सगाई हुई। उसके बाद परिवार के समक्ष तेजस्वी-रेचल (राजश्री) ने अग्नि के सात फेरे लिए थे।
कार्यक्रम में पिता लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी, बहन मीसा भारती, भाई तेजप्रताप यादव और UP के पूर्व CM अखिलेश यादव भी पत्नी डिंपल के साथ शामिल हुए थे।
तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी की दोस्ती बचपन की है। दोनों साथ में DPS, आरके पुरम में पढ़ते थे। वहीं, 2014 से करीब आ गए थे। दोस्ती प्यार में बदली और दोनों एक-दूसरे के हो गए।
तेजस्वी लालू-राबड़ी के सबसे छोटे संतान हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें माता-पिता को शादी के लिए मनाने में काफी समय लग गया था।
कहा तो यहां तक जा रहा था कि लालू यादव खुद इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। शायद इसी वजह से उन्होंने अपने कई करीबियों को भी शादी में शरीक होने का न्योता तक नहीं दिया था। राजश्री चंडीगढ़ के व्यवसायी की बेटी हैं और हरियाणा की रहने वाली हैं।