गुरुग्राम में कुख्यात गैंगस्टर मारा गया:हरियाणा STF ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर घेरकर एनकाउंटर किया; 2 सब इंस्पेक्टरों को भी गोली लगी

हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गुरुग्राम में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर कुख्यात गैंगस्टर रोमिल वोहरा को एनकाउंटर में मार गिराया। एनकाउंटर में गैंगस्टर की गोली से 2 सब इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गैंगस्टर वोहरा कुख्यात काला राणा-नोनी राणा गिरोह का सक्रिय शूटर था। काला राणा और नोनी राणा लॉरेंस गैंग से जुड़े हैं। रोमिल करीब 8 महीने पहले इनसे जुड़ा था।

गैंगस्टर वोहरा ने हाल ही में कुरुक्षेत्र में शराब ठेकेदार शांतनु की हत्या की थी। इसके अलावा वह यमुनानगर के ट्रिपल मर्डर में भी वांटेड था। अंबाला STF के DSP अमन कुमार ने एनकाउंटर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रोमिल लंबे समय से पुलिस के रडार पर था और कई आपराधिक मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी।

STF ने घेरा तो फायरिंग करने लगा गैंगस्टर जानकारी के अनुसार, हरियाणा STF को गुप्त सूचना मिली थी कि रोमिल वोहरा दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के पास मौजूद है। इसके बाद STF ने इलाके में घेराबंदी कर ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान जैसे ही STF ने रोमिल को घेरने की कोशिश की, उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में मारा गया जवाबी कार्रवाई में STF ने भी फायरिंग की। जिसमें रोमिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में STF के दो जवान एसआई प्रवीण और एसआई रोहन भी घायल हुए हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अभी इन तीनों को कहां गोलियां लगी हैं, इसके बारे में पुलिस ने जानकारी नहीं दी है।

गैंगस्टर रोमिल वोहरा का आपराधिक इतिहास

  • उम्र 20 साल, BA तक पढ़ा: रोमिल वोहरा मूल रूप से यमुनानगर के कांसापुर रोड स्थित अशोक विहार कॉलोनी का रहने वाला था।रोमिल की उम्र केवल 20 साल थी और वह ‌BA की पढ़ाई कर रहा था। उसने छोटी सी उम्र में बड़े-बड़े अपराध किए थे। इस वजह से उसका नाम हरियाणा और आसपास के इलाकों में अपराध की दुनिया में गूंजने लगा।
  • 2 लाख का इनाम, 8 महीने में 4 मर्डर किए: रोमिल के अपराध देख पुलिस ने उस पर 2 लाख का इनाम रखा हुआ था। वह हत्या, लूट, और फिरौती जैसे कई संगीन अपराधों में शामिल था। वह अपराध की दुनिया में इस तेजी से बढ़ता गया कि वह लॉरेंस गैंग के सिंडिकेट से जुड़े काला राणा की नजर में आ गया। इसके बाद उसे गैंग में शामिल कर लिया गया। जिसके बाद महज 8 महीने में उसने 4 मर्डर कर दिए।

गैंगस्टर रोमिल वोहरा के 4 बड़े अपराध

  • 1. शराब ठेकेदार सहित 3 की हत्या: रोमिल दिसंबर 2024 यमुनानगर के खेड़ी लक्खा सिंह में हुए तिहरे हत्याकांड में शामिल था। यहां उसने गोलनी के रहने वाले भाजपा नेता नरेंद्र राणा के चचेरे भाई वीरेंद्र राणा और उन्हेडी के रहने वाले शराब ठेकेदार अर्जुन राणा और उत्तर प्रदेश के शामली के गांव मखमूलपुर के रहने वाले पंकज मलिक की हत्या की थी।
  • 2. शाहाबाद में शराब कारोबारी की हत्या की: 13 जून की रात करीब 8 बजे कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मीना मार्केट में शराब कारोबारी शांतनु पर फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी गई थी। इसमें भी रोमिल शामिल था। शांतनु मर्डर केस में अंबाला STF अब तक खानपुर करनाल के रहने वाले सुजल, अकालगढ़ अंबाला के निवासी बलजिंद्र सिंह उर्फ मंगू और मोहल्ला खतरवाड़ा शाहाबाद के रहने वाले शुभम खुराना को पकड़ चुकी है। ये सभी पुलिस रिमांड पर हैं। इनके अलावा इंद्री की 42 साल की महिला को भी पकड़ा है।
  • 3. आईलेट्स सेंटर पर फायरिंग की: रोमिल ने 15 मई को यमुनानगर में व्यासपुर स्थित एक आईलेट्स सेंटर पर ताबड़तोड़ 15 फायर किए थे। यहां से वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथी के साथ मोहाली पहुंचा और रात को वहां म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के घर के बाहर फायर किए।
  • 4. पर्ची फेंक 1 करोड़ मांगे: शाहाबाद में अप्रैल में आईलेट्स सेंटर पर फायरिंग हुई थी। इसमें भी रोमिल का कनेक्शन जुड़ा। वारदात में आईलेट्स सेंटर पर रिसेप्शनिस्ट के पिता भूषण सेठी के पेट में गोली लगी थी। भूषण सेठी बेटी को खाना देने आए थे। रंगदारी के लिए सेंटर पर फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद आरोपी पर्ची फेंककर भागे थे। संचालक से 1 करोड़ रुपए मांगे थे।