इस होली पर विशेष संयोग, पूजा से मिलेगा लाभ, आज सुबह 11:39 बजे से शुरू होगी होली की पूजा

रविवार को रंगों का पर्व होली है। इस दिन होली की पूजा होती है। वहीं अगले दिन दुल्हंडी मनाई जाती है। हाली के पर्व पर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में होली की पूजा होती है। खासकर महिलाएं व बच्चे होली की पूजा करने के लिए पहुंचते हैं। लोगों में भी होली को लेकर उत्साह है। इस बार होली के पर्व पर विशेष संयोग बन रहा है। इसलिए इसे शुभ माना जा रहा है और पूजा पाठ करने से मन्नतें पूरी होंगी। बता दें कि होली के पर्व की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही है। रीति-रिवाज के अनुसार जगह-जगह होली बनाई गई हैं। कई दिन पूर्व ही लोग होनी बनाने के लिए जुट गए थे।

रविवार को दिन के समय होली की पूजा होगी, वहीं शाम के समय दहन किया जाएगा। होली की पूजा का समय सुबह 11 बजकर 39 मिनट के बाद बन रहा है। पंडितों के अनुसार सुबह 11:39 बजे के बाद ही लोगों को होली की पूजा करनी चाहिए। पूजा के दौरान महिलाएं होली पर चुन्नी चढ़ाती है और नाल भी बांधती है। साथ ही बच्चे व महिलाएं गोबर से बनाई गई ढाल व बड़कुल्ले भी चढ़ाकर आते हैं। प्रदोष काल में होलिका का दहन होगा। वहीं होली दहन का समय शाम 6 बजकर 3 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 56 मिनट तक है। होलिका दहन के दौरान कोई भी एक व्यक्ति प्रह्लाद को लेकर जाता है और जलाशय में डालते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रह्लाद को जोहड़ में डाला जाता है।

इधर, होली के त्योहार को देखते हुए पुलिस ने भी पुख्ता प्रबंध किए हुए है। विशेष नाकाबंदी करने के साथ-साथ हुड़दंबाजी करने वालों व अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की है कि वे शांति बनाए रहें और पुलिस का सहयोग करें। साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव की गाइडलाइन का भी पालन करें।