कुरुक्षेत्र में सांसद की कार पर हमले में चार गिरफ्तार, भाकियू ने घेरा थाना, तनावपूर्ण माहौल

सांसद नायब सिंह सैनी का घेराव कर उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ने के मामले में थाना शाहाबाद पुलिस ने 11 लोगों को नामजद कर आठ-दस अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसमें मारपीट और जान से मारने के प्रयास सहित कई बड़ी धाराएं हैं। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस घटना को निंदनीय बताया था और ऐसे मामलों में कार्रवाई करने के आदेश दिए थे।

इधर, किसानों की गिरफ्तारी की भनक लगते ही भारतीय किसान यूनियन थाने पहुंच गई। आरोपितों को छोड़ने की मांग करने लगी। पुलिस अधिकारियों ने थाने का गेट बंद किया। पुलिस थाने के अंदर और किसान बाहर खड़े हैं। किसान थाने में घुसने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ रहा है।

मंगलवार को हुआ था शाहाबाद में हमला

सांसद कुरुक्षेत्र नायब सिंह सैनी मंगलवार को नारायगढ़ से शाहाबाद में इंद्रजीत वासी माजरी मुहल्ला के निवास स्थान पर व्यक्तिगत कार्य के लिए गए थे। उसी समय भारतीय किसान यूनियन के सदस्य शाहाबाद के विधायक रामकरण काला के निवास का घेराव करने के लिए शाहाबाद में इकट्ठा हुए थे। उनके शाहाबाद पहुंचने बारे किसान यूनियन के सदस्यों को पता चल गया। वे विधायक के निवास से माजरी मौहल्ला में सांसद के घेराव के लिए पहुंच गए।

सांसद को नीचे उतारने की कोशिश की

सांसद जब अपनी गाड़ी में सवार होकर वापस चलने लगे तो उसी समय किसान यूनियन के सदस्यों ने उनकी गाड़ी का घेराव करके नारेबाजी करनी शुरू कर दी व काले झंडे दिखाए। किसान यूनियन के सदस्यों ने दरवाजा खोलकर सांसद को गाड़ी से नीचे उतारने की कोशिश की। कुछ प्रदर्शनकारी सांसद की गाड़ी के बोनट पर बैठ गए। इसी समय सांसद की गाड़ी का पिछला शीशा भी तोड़ दिया। इस घटना में सांसद बाल-बाल बचे और पुलिस टीम की सहायता से उनको सुरक्षित निकाला गया।

वीडियो में साफ नजर आ रहा उत्पात

पुलिस प्रवक्ता रोशनलाल ने बताया कि शाहाबाद थाना पुलिस ने इसमें आइपीसी की धारा 148, 149, 323, 307, 341 व 427 में 11 को नामजद व आठ-दस अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इस घटना की एक वीडियो भी मिला है। जिसमें प्रदर्शनकारी सांसद की गाड़ी का घेराव करते, उन्हें जबरदस्ती गाड़ी से बाहर निकालने का प्रयास करते व उनकी गाडी का शीशा तोड़ते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इसमें नामजद चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनको कोर्ट में पेश किया गया। यहां से चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।