Coronavirus Helper: पीड़ितो की मदद करना किसी 100 करोड़ वाली फिल्म का हिस्सा बनने से लाखों गुना बेहतर, जानें क्यों कही सोनू सूद ने ये खास बात

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद फिल्मों के साथ गरीब, परेशान और जरूरमंद लोगों की मदद करने के लिए जाने जाते हैं। बीते साल से लेकर अब तक सोनू सूद हजारों लोगों की मदद कर चुके हैं। यही वजह है अब उन्हें गरीबों और मजदूरों का मसीहा कहा जाता है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर में भी सोनू सूद का लगातार गरीब, जरूरमंद, मजदूरों और छात्रों की मदद करने का सिलसिला जारी है।

इन सबके बीच अब सोनू सूद ने कहा है कि जरूरमंद लोगों की मदद करना किसी ब्लॉकबस्टर फिल्म का हिस्सा बनने से कहीं बेहतर काम है। यह बात दिग्गज अभिनेता ने सोशल मीडिया पर कही है। सोनू सूद सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वह इसके जरिए फैंस से भी जुड़े रहते हैं। सोनू सूद सोशल मीडिया पर ही लोगों की मदद करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।

उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ‘आधी रात को कई सारे कॉल्स के बाद अगर आप जरूरतमंदों के लिए बेड, कुछ लोगों के लिए ऑक्सिजन इंतजाम कर पाते हैं और उनकी जान बचा पाते हैं तो कसम से… यह 100 करोड़ वाली फिल्म का हिस्सा बनने से लाखों गुना अधिक संतुष्टि देने वाला होता है। हम सो नहीं सकते जब अस्पताल के बाहर बेड के लिए लोगों की लाइनें लगी हों।’

सोनू सूद का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेता के कई फैंस और तमाम सोशल मीडिया यूजर्स उनके ट्वीट को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं आपको बता दें कि हाल ही में सोनू सूद एक बार फिर से लोगों की मदद के लिए आ गए हैं। सोनू सूद ने एक ऐसा प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जिसकी मदद से वह लोगों को अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और दवाइयां उपलब्ध करवाएंगे।

इसकी जानकारी सोनू सूद ने हाल ही में अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए दी है। सोनू सूद ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘अब पूरा देश साथ आएगा। जुड़िए मेरे साथ टेलिग्राम चैनल पर इंडिया फाइट्स विद कोविड पर हाथ से हाथ मिलाएंगे। देश को बचाएंगे।’ इस एप के जरिए सोनू जरूरतमंद लोगों को हॉस्पिटल में बेड, दवाइयां और ऑक्सीजन उपलब्ध कराएंगे।