रोहतक में पड़ोसियों की तबीयत खराब हुई तो किया ऑक्‍सीजन सिलेंडर का इंतजाम, अब मुफ्त में लगे बांटने

इनकी सेवा को हर कोई सराह रहा है। करीब दो सप्ताह पहले गांधी कैंप निवासी जितेंद्र विज के पड़ोसियों की तबियत खराब हो गई। पड़ोस में रहने वाली पूनम व अन्य की तबीयत खराब होने के बाद आक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पड़ी। जितेंद्र ने उस दौरान पड़ोसियों की मदद के लिए आक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम कराया। उसके बाद उन्हें लगा कि आक्सीजन सिलेंडर की जरूरत लोगों को बहुत है।

उसी दिन से जरूरतमंदों को मुफ्त में सिलेंडर वितरित करने में जुटे हुए हैं। अब हर रोज 100-150 लोगों को मुफ्त में आक्सीजन मुहैया करा रहे हैं। गांधी कैंप निवासी जितेंद्र विज को अब लोग नेताजी के नाम से पहचानने लगे हैं। इनकी तरफ से लगाए जा रहे लंगर की हर तरफ चर्चा है। दरअसल, यह बड़ा सिलेंडर लाते हैं और जरूरतमंद लोगों को छोटे सिलेंडर में आक्सीजन भरते हैं।

इन्होंने बताया कि गांधी कैंप मार्केट स्थित पाहवा क्रॉकरी वाली गली में हर रोज देर रात तक लोग पहुंच रहे हैं। फोन के माध्यम से भी कोई सूचना आती है तो उन्हें तुरंत छोटे सिलेंडर में आक्सीजन उपलब्ध करा रहे हैं। विज की पत्नी महक ने बताया कि हमारे पड़ोस में रहने वाली दो महिलाओं की ज्यादा तबियत ख्रराब हो गई थी। तब हमें लगा कि दूसरों को भी इसी तरह से मदद की जरूरत होगी। तभी से सेवा का संकल्प लिया।

बरसात के बावजूद भी लोग आए मदद मांगने

जितेंद्र विज की पत्नी महक ने बताया कि रविवार को शाम को बरसात हुई। फिर भी लोग मदद मांगने आए, इसलिए लोगों को मायूस नहीं होने दिया। इन्होंने यह भी बताया कि देर रात दो-तीन बजे भी फोन आते हैं। उन सभी लोगों को मदद दी जाती है। इन्होंने यह भी बताया कि हम लोगों की मदद किसी स्वार्थ के लिए नहीं बल्कि समाज को यह संदेश देने के लिए कर रहे हैं कि मुसीबत का दौर है दूसरों की जान बचाएं। इन्होंने कहा कि कई तो बाहरी जिलों से भी लोग आने लगे हैं।