Cyclone Tauktae Effect: दिल्ली में बना बारिश का आल टाइम रिकार्ड, लू के मौसम में ठंड का एहसास

टाक्टे तूफान देश के तटीय क्षेत्रों में तो कहर बरपा ही रहा है, बुधवार को दिल्ली में भी इसने नए रिकार्ड बना दिए। मई की बारिश ने जहां आल टाइम रिकार्ड बना दिया वहीं माह का अधिकतम तापमान जहां 70 साल में सबसे कम दर्ज किया गया। इससे गर्मी तो छूूमंतर हो ही गई, पंखा चलाने पर भी लोगों को ठंड का एहसास होने लगा। यहां तक कि टंकी का पानी भी इतना ठंडा लगने लगा, मानो यह जाड़े का मौसम चल रहा हो।

टाक्टे तूफान के असर से दिल्ली में बारिश का दौर तो मंगलवार देर रात ही शुरू हो गया था। बुधवार सुबह दिल्ली वासी सोकर उठे तो बाहर का नजारा मई माह के मिजाज से एकदम अलग था। हल्की बारिश हो रही थी तो ठंडी हवा भी चल रही थी। रूक- रूककर कभी तेज और कभी हल्की बारिश बारिश का सिलसिला भी दिन भर चलता रहा। लोग घर से बाहर ही नहीं निकल पाए। इस दौरान गर्मी भी मानो खत्म सी हो गई। एसी- कूलर तो सुबह से बंद ही रहे, शाम होते होते दिल्ली वासियों को पंखे भी बंद करने पड़ गए।

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार रात साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग पर 60 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद भी अखबार छपने तक बारिश का यह दौर जारी रहा। पीछे मुड़कर देखें तो इससे पहले 24 मई 1976 को 60 मिमी बारिश हुई थी। यह मई माह का अभी तक का आल टाइम रिकार्ड है। इस हिसाब से बुधवार की बारिश ने मई का नया आल टाइम रिकार्ड बना दिया। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 16 डिग्री कम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि 1951 के बाद अभी तक मई माह का यह सबसे कम अधिकतम तापमान है। इससे पूर्व 13 मई 1984 को अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज हुआ था। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह भी हैरत की बात है कि बुधवार को दिन और रात यानी अधिकतम और न्यूनतम तापमान मे केवल 2.4 डिग्री का अंतर देखने को मिला। हवा में नमी का स्तर 78 से 100 फीसद रहा।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी दिल्ली के मौसम में अधिक बदलाव नहीं होने की संभावना जताई है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश भी जारी रहेगी। अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा।

वहीं स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि मई में आमतौर पर इतना कम अधिकतम तापमान नहीं जाता। यह सीधे तौर पर टाक्टे तूफान और पश्चिमी विक्षोभ का संयुक्त असर है। उन्होंने बताया कि इस समय दिल्ली-एनसीआर के आसमान में घने बादल बने हुए हैं। ऐसे बादल आमतौर पर मानसून के सीजन में ही देखने को मिलते हैं जबकि अभी प्री-मानसून का दौर चल रहा है।

शाम साढ़े पांच बजे तक कहां कितने मिमी हुई बारिश

 

  • पालम- 29.9
  • लोधी रोड-32.3
  • आयानगर – 27.9
  • नजफगढ़-35.0
  • नरेला – 3.0
  • मयूर विहार-20
  • पीतमपुरा – 0.5
  • स्पोर्टस काम्प्लेक्स – 1.0

दिल्ली के विभिन्न इलाकों का अधिकतम तापमान

 

  • पालम – 25.7 डिग्री सेल्सियस
  • लोधी रोड – 23.4 डिग्री सेल्सियस
  • नरेला – 24.1 डिग्री सेल्सियस
  • आयानगर – 29.9 डिग्री सेल्सियस
  • जाफरपुर – 22.6 डिग्री सेल्सियस
  • नजफगढ़ – 24.7 डिग्री सेल्सियस
  • पीतमपुरा – 24.9 डिग्री सेल्सियस
  • स्पोर्टस काम्प्लेक्स – 25.1 डिग्री सेल्सियस
  • गुरुग्राम – 23.7 डिग्री सेल्सियस