दलदल में पैर फंसने के बाद डूबे थे 5 नाबालिग:सड़क बनाने के लिए खोदा था 30 फीट गहरा गड्‌ढा, हजारों की भीड़ ने दी अंतिम विदाई

मुजफ्फरपुर में रविवार को 5 नाबालिगों की पानी भरे गड्‌ढे में डूबकर मौत हुई थी। सभी एक ही गांव के थे। दोपहर में बारिश होने वाली थी। इसी दौरान पांचों खेलने के लिए घर से निकले थे। खेलते-खेलते ये लोग एक पानी भरे गड्‌ढे के पास पहुंचे।

गड्‌ढा 200 फीट चौड़ा था, जिसमें 30 फीट की गहराई में पानी था। वहां एक मछुआरा था, जिसने भांप लिया था कि ये नाबालिग पानी में जरूर उतरेंगे। मछुआरा बच्चों को पानी में न उतरने की हिदायत देकर चला गया, पर पांचों ने उसकी बात नहीं मानी। एक नाबालिग पानी में उतरा। पहले तो कोई परेशानी नहीं हुई, पर जैसे ही थोड़ा आगे बढ़ा उसका पैर दलदल में फंस गया। पैर बाहर निकालने की कोशिश करने पर वो और धंसता जा रहा था।

पानी के बाहर खड़े 4 दोस्त उसे बचाने के लिए दलदल में चले गए, पर वे भी फंस गए। पांचों धीरे-धीरे दलदल में धंसते चले गए और डूबकर जान चली गई। घटनास्थल पर कोई नहीं था, जो उन्हें बचा सके। सोमवार को शाम 5 बजे जनाजा निकलने से पहले हजारों लोगों ने नमाज अदा की और नम आंखों से पांचों को विदाई दी।

ग्रामीणों का कहना है जिस गड्ढे में नाबालिगों की डूबकर मौत हुई वो अवैध खनन से बना है। सड़क निर्माण के वक्त 6 महीने पहले खोदा गया। जिसमें बारिश का पानी भरा था।

ये बातें तब सामने आई जब भास्कर की टीम बच्चों के गांव-घर गई और मृतकों के परिजन से बात हुई। मामला कटरा प्रखंड के खंगुरा गांव का है।

परिजन खोजते हुए पानी भरे गड्‌ढे के पास पहुंचे

ग्रामीण कहते हैं, पांचों नाबालिग एक साथ खेला करते थे। एक-दूसरे का घर आसपास ही है। ये लोग घर से खेलने के लिए एक साथ निकले थे। जहां हादसा हुआ वो जगह इनके घर से 3 किमी दूर है। पांचों की मौत की जानकारी परिजन को भी नहीं थी।

काफी देर तक पांचों घर नहीं लौटे तो परिजन ने खोजबीन शुरू की। आसपास के लोगों से पूछा कि पांचों को कहीं देखा है। एक ग्रामीण श्याम ने परिजन को बताया कि पांचों को गड्‌ढे की ओर जाते देखा है। वहां परिजन गए तो देखा एक लाश पानी में उपला रही है। जिसके बाद शोर हुआ और आसपास के ग्रामीण जुटे।

मो. हमजा अली और अब्बू तालीम साथ स्कूल जाते थे

मृतक मो. हमजा अली (12) और अब्बू तालीम (12) रोज साथ खेलते, साथ स्कूल जाते और रविवार को भी साथ निकले थे।

मोहम्मद अनस (15) अनस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दो बहनों के बीच वह घर का सहारा और उम्मीद था।

हिदायतुल्ला (16) राजकीय मध्य विद्यालय खंगुरा में 9वीं का छात्र था। भाई-बहनों में सबसे बड़ा, एक छोटी बहन के लिए ढाल था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, लेकिन पढ़ाई में वह हमेशा आगे रहने की कोशिश करता था। रहमान (12) 2 बहनों का इकलौता भाई था। घर में हर खुशी उसी की मासूमियत से जुड़ी थी। वह कभी बहनों से अलग नहीं होता था। पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं।

12 बजे घर से निकला था

अब्बु तालीम की मां नरगिस प्रवीण ने कहा कि बेटा 12 बजे घर से निकला था। बोला अम्मी बारिश हो रही है। बाहर जाकर नहा लूं, मैंने उससे कहा ठीक है। थोड़ी देर बाद फिर से लौटा और कहा साइकिल जो ले गया था वो लेकर आया, मैंने उससे कहा नहीं आया। जिसके बाद वो अपने दोस्तों के साथ निकल गया। फिर वो लौटकर नहीं आया।

बाद में जानकारी मिली कि बेटा डूब गया है। घटनास्थल पर भी गए। वो 7वीं कक्षा में पढ़ाई करता था।

बेटे के लिए खाना बनाकर रखा था

हिदायतुल्ला की मां सबीना खातून ने कहा कि खाना बनाकर रखा था। मैंने बेटे को खाने के लिए कहा तो उसने कहा था कि आते है खेलकर उसके बाद खाएंगे। मैं खाना निकालकर रखा था। उसकी हर मांग हमलोग पूरी करते थे, जो बोलता था लाकर देते थे।

लापरवाही के कारण नाबालिगों की गई जान

ग्रामीणों का कहना है कि यहां कुछ दिनों पहले फोरलेन सड़क का निर्माण हुआ था। उस समय बड़ा गड्‌ढा खोदा गया था। जिसे निर्माण कार्य खत्म होने के बाद भी नहीं भरा गया। जब बारिश हुई तो पानी गड्‌ढे में भर गया।

जिस कारण गड्‌ढे की गहराई का पता नहीं चल सका। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कंपनी पर कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता मिले।

अवैध खनन की जांच करवाई जाएगी

सीओ कुमारी मधुमिता मृतकों के परिवार से मिलने आए हैं। कल दोपहर में हादसा हुआ। हमलोगों ने शाम में बॉ़डी को रेस्क्यू किया है। मुआवजा राशि के लिए चेक वितरण किया है। 4-4 लाख रुपए दिए गए हैं। अवैध खनन की जानकारी मिली है। इसकी जांच करवाई जाएगी। अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई होगी।

औराई विधायक भी रहे मौजूद

औराई विधानसभा के विधायक रामसूरत कुमार और कटरा अंचलाधिकारी कुमारी मधुमिता मृतकों के परिजन से मिले और सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपए का मुआवजा चेक सौंपा। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते रहे।

औराई के भाजपा विधायक पूर्व मंत्री राम सूरत राय ने कहा,

आज औराई विधानसभा क्षेत्र के कटरा के खंगुरा गांव में एक ही जगह के पांच बच्चों की मौत हुई है। बड़ी दुःखद घटना है। सरकार की तरफ से चार-चार लाख का चेक मुआवजे के तौर पर दिया गया है। समाज के लोगों से अपील करना चाहेंगे आप लोग अपने बच्चों का ख्याल रखें। ऐसी कोई जगह नहीं जाने दे जहां खतरा है। इस घटना में तीन ऐसे बच्चे हैं जो परिवार के अकेले चिराग थे, बहुत ही दुःखद घटना है।

E-Paper 2025