यूपी के पूर्व खनन मंत्री और सपा नेता गायत्री प्रसाद प्रजापति पर लखनऊ जेल में जानलेवा हमला हुआ है। मंगलवार की शाम जेल अस्पताल में एक बंदी ने उन पर लोहे की पटरी से हमला कर दिया। इससे गायत्री प्रजापति के सिर और एक हाथ में गंभीर चोट आई है। उनके सिर में 5 टांके लगे।
प्रजापति को किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में एडमिट कराया गया है। उनकी विधायक पत्नी महराजी देवी बेटी के साथ रोते हुए ट्रॉमा सेंटर पहुंची हैं। यहां गायत्री प्रजापति ने कहा-शातिर अपराधी था, जिसने हमला किया। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा-कहीं भी कोई भी सुरक्षित नहीं है। जेल में पूर्व मंत्री पर हुए हमले की निष्पक्ष न्यायिक जांच हो।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक विवाद उस समय हुआ, जब बंदी सफाई कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गाली देने पर बंदी ने प्रजापति पर हमला कर दिया। हालांकि जेल प्रशासन का कहना है कि मामला गंभीर नहीं है।
समाजवादी पार्टी ने जेल में पूर्व मंत्री की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने अपने X हैंडल पर लिखा- जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर हमले की खबर चिंताजनक है। लखनऊ जेल प्रशासन पूर्व मंत्री को समुचित इलाज उपलब्ध करवाए।
गायत्री प्रजापति ने बंदी को गालियां दीं
जेल सूत्रों के अनुसार, बंदी अपनी सफाई ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान गायत्री प्रजापति से उसका सफाई को लेकर विवाद हो गया। प्रजापति ने उसे गालियां दी, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया और बंदी ने उन पर हमला कर दिया।
गायत्री प्रजापति का पहले जेल अस्पताल में इलाज किया गया। डॉक्टरों ने उनके सिर में टांके लगाए। अधिकारियों का कहना है कि बेहतर इलाज के लिए गायत्री प्रजापति को लखनऊ के KGMU में रेफर किया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है और चिंता की कोई बात नहीं है।