तीन मगरमच्छों ने नदी में खींचा, अब तक नहीं मिला:मुरैना में बेटे और जीजा के सामने व्यक्ति की मौत; शौच को गया था व्यक्ति

मुरैना के धौलपुर के राजघाट चम्बल नदी किनारे एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। राजस्थान के गंगापुर सिटी निवासी रूप सिंह गुर्जर को उनके बेटे दीपक गुर्जर और जीजा बदन सिंह गुर्जर के सामने ही तीन मगरमच्छों ने हमला कर नदी में खींच लिया। देखते ही देखते रूप सिंह को मगरमच्छ नदी की गहराई में ले गए।

दो दिन तक एसडीआरएफ ने सर्चिंग की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार शाम तक रेस्क्यू टीम ने सर्चिंग रोक दी।

धार्मिक यात्रा से शुरू हुआ दर्दनाक सफर

रूप सिंह अपने बेटे और जीजा के साथ धौलपुर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मच्छकुंड में स्नान करने आए थे। नहाने के बाद तीनों ने चम्बल नदी की खूबसूरती देखने का मन बनाया और नेशनल हाइवे-44 पर बने नए पुल से नीचे उतरकर नदी किनारे पहुंचे।

शौच के दौरान हुआ मगरमच्छ का हमला

जानकारी के अनुसार रूप सिंह नदी किनारे झाड़ियों के पास शौच करने गए और बाद में हाथ धोने के लिए नदी किनारे पहुंचे। तभी अचानक एक विशाल मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। रूप सिंह की चीख सुनकर बेटा दीपक और जीजा बदन सिंह भागते हुए पहुंचे, लेकिन तब तक दो और मगरमच्छ वहां आ चुके थे। देखते ही देखते तीनों मगरमच्छों ने मिलकर रूप सिंह को नदी में खींच लिया। परिजनों के सामने ही उनका शरीर पानी में समा गया।

चम्बल सफारी कर्मचारियों ने दी सूचना

राजघाट पर स्थित वन विभाग की चम्बल सफारी में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत सराय छोला पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम को बुलाया। सोमवार और मंगलवार दोनों दिन रेस्क्यू ऑपरेशन चला, लेकिन रूप सिंह का कोई पता नहीं चला।

परिवार ने बताया – हमने देखा मगरमच्छों ने पिता को निगल लिया

बेटे दीपक और जीजा बदन सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों से तीन विशाल मगरमच्छों को रूप सिंह पर हमला करते और नदी में खींचते देखा। सराय छोला थाना प्रभारी के.के. सिंह ने बताया कि परिजनों के सामने ही मगरमच्छों ने उनके शरीर के टुकड़े कर दिए थे।

यह हादसा चम्बल सफारी क्षेत्र के ठीक पास हुआ है, जिससे पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि मगरमच्छों की अधिकता के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था नगण्य है। न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, न ही नदी किनारे सुरक्षा गश्त होती है।

E-Paper 2025