कैमूर में जल विद्युत परियोजनाओं को प्राथमिकता देने की मांग:सांसद सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कहा-हर क्षेत्र में बढ़ी मांग

बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुधाकर सिंह ने बिहार में बढ़ती बिजली की मांग, विशेषकर पीक आवर की चुनौतियों को देखते हुए राज्य सरकार के समक्ष एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कैमूर की पहाड़ियों में पंप स्टोरेज और रन ऑफ द रिवर आधारित जल विद्युत परियोजनाओं की स्थापना को प्राथमिकता देने की मांग की है।

औद्योगिक विकास- कृषि सिंचाई में बिजली की मांग बढ़ रही

सांसद सिंह ने अपने पत्र में बताया कि बिहार एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था वाला राज्य है। यहां औद्योगिक विकास, कृषि सिंचाई, शहरीकरण और घरेलू उपयोग के कारण बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है। पीक आवर में बिजली की उपलब्धता एक गंभीर समस्या बनती जा रही है।

उन्होंने जोर दिया कि राज्य को अब जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करते हुए स्वच्छ, हरित और टिकाऊ ऊर्जा स्रोतों की ओर ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कैमूर की पहाड़ियों की क्षमता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यहां से दुर्गावती, कोहीरा, करमनाशा और सुवरा जैसी कई नदियां निकलती हैं।

2000 मेगावाट क्षमता का पंप स्टोरेज बिजलीघर बन सकता

इन पर पहले से दुर्गावती और जगदहवा जैसे महत्वपूर्ण जलाशय मौजूद हैं। सांसद के अनुसार, दुर्गावती जलाशय परियोजना पर लगभग 2000 मेगावाट क्षमता का पंप स्टोरेज बिजलीघर विकसित किया जा सकता है।

इसी तरह, कोहीरा नदी के जगदहवा जलाशय पर करीब 500 मेगावाट क्षमता की परियोजना विकसित करने की संभावना है। इन परियोजनाओं से न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे और कैमूर जिले के समग्र विकास को गति मिलेगी।

E-Paper 2025