मैं मंत्री हूं वो BJP विधायक, मुझे बंधक नहीं बनाया:झांसी में स्वतंत्र देव बोले- बैठकर भी बात हो जाती, अब काम पड़ेगा तो आएंगे

यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को महोबा में हुई घटना पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैं मंत्री और बृजभूषण राजपूत बीजेपी विधायक हैं। अगर वो मुझसे मिलने डीएम कार्यालय या सर्किट हाउस आते, तो अच्छे से बातचीत हो जाती। जहां तक बंधक बनाने की बात है तो ऐसा कुछ नहीं हुआ था। अगर उन्हें कोई काम होगा तो वो मेरे पास ही आएंगे।

महोबा में चरखारी विधायक ने स्वतंत्र देव के काफिले के आगे 50 गाड़ियां लगा दी थीं। उन्हें रोक लिया था। इस दौरान मंत्री और विधायक के समर्थकों में बहस भी हुई थी। विधायक ने कहा था कि पूरे जिले में नल से जल योजना का बुरा हाल है। सड़कें खोदने के बाद वैसे ही छोड़ दी गईं। पाइप फटे हुए हैं। टंकियों से पानी चू रहा है।

मंत्री स्वतंत्र देव शनिवार को झांसी दिवस के आयोजन में शामिल होने पहुंचे थे। जहां मामले को लेकर सपा प्रमुख के तंज पर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- मैं यहां काम करने आया हूं। आप लोग इस मुद्दे पर बार-बार सवाल क्यों कर रहे? ऊपर से फोन आया है क्या?

37 गांवों को मिली नल से जल की सौगात

शनिवार दोपहर करीब 2 बजे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बबीना विधानसभा के पारीछा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने जल अर्पण अभियान के तहत हर घर जल योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत पारीछा गांव समेत कुल 37 गांवों में नल के माध्यम से जल आपूर्ति की शुरुआत की गई।

मंत्री बोले- विधायक-डीएम को परेशान न करें

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- एक समय था, जब बुंदेलखंड में ट्रेन से पानी लाया जाता था। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार हर घर तक पानी पहुंचा रही है। ग्रामीण नलों की सुरक्षा करें और उन्हें खराब होने से बचाएं।

हर छोटी समस्या के लिए विधायक और जिलाधिकारी को परेशान न करें। गांव स्तर पर आपसी सहयोग और चंदे से छोटे-मोटे समाधान निकालें। ताकि, यह योजना लंबे समय तक सफल बनी रहे।

‘मुझे किसी ने बंधक नहीं बनाया, यह बात गलत’

महोबा में चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत द्वारा सड़क पर घेरने के मामले पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पारीछा में दैनिक भास्कर से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा- जैसे अभी यहां एक प्रधान लीकेज की समस्या बताने आए थे, उसी तरह विधायक भी अपनी समस्या लेकर आए थे। उनसे सड़क पर ही मुलाकात हुई और वह उनके साथ समस्याग्रस्त इलाके में भी पहुंचे। बंधक बनाने जैसी कोई बात नहीं है।

अब जानिए पूरा मामला?

महोबा में मंत्री स्वतंत्र देव का BJP विधायक ने रास्ता रोका था

महोबा में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आपस में भिड़ गए थे। मंत्री एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे विधायक ने 100 ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया था। 30 कार और 20 बाइकें मंत्री के काफिले के सामने खड़ी कर दी थी।

चरखारी विधायक ने मंत्री से अपनी विधानसभा के 100 गांवों में पानी न पहुंचने और पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने पर नाराजगी जताई थी। कहा था कि जिले के 90 प्रतिशत गांवों के लोग मुझसे पूछते हैं। मैं क्या जवाब दूं? इस पर विधायक के समर्थकों और सीओ सदर और कोतवाल से झड़प हो गई थी।

स्वतंत्र देव सिंह ने विधायक से कहा था-

मैं 40 गांव चलने को तैयार हूं। पानी दिलाना हमारा काम है। अफसर मेरे साथ हैं। अगर कहीं सड़कें खुदी हैं और पानी नहीं मिल रहा है तो अफसरों को सस्पेंड कर दूंगा।

मंत्री स्वतंत्र देव नाराज ग्राम प्रधानों को धक्का देते हुए आगे बढ़े। इस दौरान लोग कहते रहे कि ‘नेता गिरी नहीं चलेगी’। स्वतंत्र देव अपनी गाड़ी में बैठ गए। गाड़ी के अंदर भी विधायक और मंत्री के बीच बहस हुई। लोग नारेबाजी करते रहे।

मंत्री और विधायक के बीच क्या बात हुई थी.…

मंत्री: जहां कहीं शिकायत है, वहां मुझे लेकर चलो। उस गांव में मैं खुद चलता हूं। अपने कार्यक्रम छोड़कर चलता हूं। चलो…

विधायक: एक मिनट-एक मिनट…40 से 50 गांव हैं।

मंत्री: मैं 40 गांवों में चलूंगा। मैं सभी जगह चेक करने चलूंगा। मेरे साथ अफसर हैं। सभी जगह देखूंगा। अफसरों की लापरवाही होगी, तो सस्पेंड कर दूंगा।

विधायक: भाई साहब सड़कें खुदी पड़ी हैं। रास्ते खुदे पड़े हैं। भाई साहब…

मंत्री: सड़कें खुदी रहेंगी, तब भी मैं अफसरों को सस्पेंड कर दूंगा। मैं गांवों में चलने को तैयार हूं, चलो न मेरे साथ…

मंत्री से विधायक बोले- अफसर हमारी सुनते नहीं

मंत्री ने विधायक को अपनी गाड़ी में बिठाया। विधायक हाथ पर हाथ पटकते हुए मंत्री से यही कहते रहे कि जितने भी प्रधान आए हैं, उन सभी के गांवों में समस्या है। हर घर नल योजना में जमकर लापरवाही हुई है। आप लोग कुछ भी नहीं देखते। ग्राउंड की समस्या बहुत बड़ी है।

विधायक ने योजना में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया। विधायक ने मंत्री से साफ कहा कि अफसर हमारी सुनते नहीं है।

E-Paper 2025