PM नरेंद्र मोदी के पंजाब आने से पहले पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने शनिवार (31 जनवरी) को कहा कि उस कांग्रेस को अलविदा कह दिया है, जहां मेहनती और काबिल नेताओं की बात नहीं सुनी जाती और जहां फैसले निजी स्वार्थों के आधार पर लिए जाते हैं।
उन्होंने पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर निशाना साधा। 8 दिसंबर 2025 को राजा वड़िंग ने उन्हें पार्टी से सस्पेंड किया था। दरअसल, नवजोत कौर कुछ दिनों से पंजाब कांग्रेस के बड़े नेताओं को लेकर डायरेक्ट बयानबाजी कर रही थीं, जिसका पार्टी के अंदर भी विरोध हो रहा था।
उधर, सांसद व पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा ने डॉ नवजोत कौर सिद्धू के पार्टी छोड़ने पर X (ट्विटर) पर लिखा- अच्छा हुआ, छुटकारा मिला। रंधावा ने भले ही इसमें और कुछ नहीं लिखा पर उनका अटैक सीधे तौर पर डॉ नवजोत कौर सिद्धू पर ही था। गौतलब है कि नवजोत कौर सिद्धू ने सुखजिंदर सिंह रंधावा पर भी आरोप लगाए थे।
कांग्रेस छोड़ने के बाद नवजोत कौर की अहम बातें…
- राजा वड़िंग सबसे भ्रष्ट अध्यक्ष: नवजोत कौर ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा- राजा वड़िंग अब तक के सबसे भयानक और भ्रष्ट अध्यक्ष। आपने कांग्रेस को तबाह करने के लिए मुख्यमंत्री के साथ हाथ मिलाकर खुद को जेल जाने से बचाया है। आपने अपने फायदों के लिए आम आदमी पार्टी के साथ साठगांठ करके पार्टी को बेच दिया है।
- 12 कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई क्यों नहीं: आपने मेरे लिए सस्पेंशन लेटर तैयार रखा था। लेकिन उन करीब 12 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का क्या, जो नवजोत को नुकसान पहुंचाने के लिए मजीठिया के साथ मिलकर काम कर रहे थे और आपने नवजोत को हराने के बदले उन सभी को बड़े पदों से नवाजा।
- आपको बर्बाद करने के लिए पर्याप्त सबूत: मेरे पास आपको बर्बाद करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं। लेकिन मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है, क्योंकि मैंने खुद उस कांग्रेस को छोड़ दिया है जहां किसी होनहार नेता की बात नहीं सुनी जाती।
- मुझे हराने के इरादे से लोग बिठाए: आपने मेरी सीट पर मुझे हराने के इरादे से लोग बिठाए। आशु, चन्नी, भट्टल, डॉ. गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ आपकी कार्रवाई कहां है, जिन्होंने आपको और आपकी पार्टी को खुलेआम चुनौती दी है।
- लोग आपकी रील्स का आनंद ले रहे: आप बस एक मजाक बनकर रह गए हैं और लोग आपकी रील्स का आनंद ले रहे हैं। नवजोत से प्यार करने वाले कांग्रेस नेताओं का अपमान करना बंद करें।
- पार्टी को खत्म करने में व्यस्त, शर्म करिए:आप पार्टी को जिताने के बजाय उसे खत्म करने में ज्यादा व्यस्त हैं। अपनी ही पार्टी, जो आपकी मातृ संस्था है, के प्रति ईमानदार न होने पर आपको शर्म आनी चाहिए। आप पहले ही काफी नुकसान कर चुके हैं।
- कभी किसी पार्टी से नहीं मिली: मैं शायद उन गिने-चुने लोगों में से हूं, जिनका किसी भी राजनीतिक कारण से न तो बीजेपी, न आम आदमी पार्टी और न ही किसी अन्य पार्टी के किसी नेता से कभी मिलना हुआ है और न ही किसी पार्टी ने कभी मुझसे संपर्क किया है। मैं यह बात पूरी तरह अपने व्यक्तिगत दृष्टिकोण और अपनी अंतरात्मा की आवाज से कह रही हूं, क्योंकि मैं केवल वाहेगुरु जी के प्रति जवाबदेह हूं, किसी और के प्रति नहीं।
- प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया: हाल ही में मुझे भगवद गीता के उपदेशों के साथ तीन दिन का आनंदमय और शांतिमय समय बिताने का अवसर मिला। साथ ही प्रेमानंद महाराज जी जैसे आत्मज्ञानी और प्रबुद्ध संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ।
- मोदी की तारीफ, पंजाब CM पर तंज कसा: मुख्यमंत्री पंजाब, जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब वे तीन बार स्पष्ट बहुमत से जीते, क्योंकि उन्होंने गुजरात के हर नागरिक के प्रति खुद को जवाबदेह बनाया। उन्होंने सभी विभागों के ‘यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट’ (उपयोगिता प्रमाण पत्र) जमा किए, क्योंकि तभी आप केंद्र से जितना चाहें उतना पैसा ले सकते हैं। आप पंजाब के लोगों के पैसे का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे क्षेत्रों के बजाय अपने फायदे के लिए लोगों को मुफ्त सुविधाएं देने में नहीं कर सकते।
नवजोत कौर के वह 4 बयान, जिसने कांग्रेस में हड़कंप मचाया…
- पहला बयान- CM वही बनता है, जो 500 करोड़ रुपए की अटैची दे: नवजोत कौर सिद्धू ने कुछ दिन पहले चंडीगढ़ में पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की थी। इस दौरान जब उनसे सवाल किया गया कि आपने पैसे देने की बात कही है, क्या आपसे किसी पार्टी ने पैसे की मांग की है? तो उन्होंने कहा- ‘नहीं, हमसे किसी ने नहीं की। मगर CM वही बनता है जो 500 करोड़ की अटैची देता है।‘
- दूसरा बयान- कांग्रेस में तो पहले ही 5-5 CM बने हुए हैं : गवर्नर से मुलाकात के बाद राजभवन से बाहर निकली नवजोत कौर ने मीडिया से बातचीत में अपने पति से जुड़े सवाल पर कहा- ‘कांग्रेस पंजाब में अगर सिद्धू को CM फेस बनाएगी तो ही वह एक्टिव होंगे। सिद्धू कांग्रेस से अटैच हैं। प्रियंका के साथ अटैच हैं। फिर भी मुझे लग नहीं रहा कि सिद्धू को प्रमोट होने दिया जाएगा, क्योंकि यहां (कांग्रेस में) तो पांच-पांच CM पहले से बने हुए हैं और वह कांग्रेस को हराने में लगे हैं। हां, ऊपर वालों (पार्टी हाईकमान) को शायद समझ आ जाए तो बात दूसरी है।‘
- तीसरा बयान- 5 करोड़ में टिकटें बेचीं, कांग्रेस को बर्बाद कर रहे 4 नेता : मीडिया चैनल से बातचीत में नवजोत कौर ने कहा- ‘पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने 5 करोड़ रुपए में कौंसलर की टिकट बेची। राजा वड़िंग, चरणजीत चन्नी, सुखजिंदर रंधावा और प्रताप बाजवा पंजाब का CM बनना चाहते हैं। इसके लिए ये चारों कांग्रेस को खत्म करने में लगे हुए हैं।‘
- चौथा बयान- अमृतसर ईस्ट से चुनाव लड़ूंगी, पार्टी चाहे सर्वे कराए : नवजोत कौर ने कुछ महीने पहले कहा था कि वह 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है और अमृतसर ईस्ट सीट से लड़ेंगी। चुनाव लड़ने के लिए टिकट देना या न देना पार्टी हाईकमान का अधिकार है, लेकिन मैंने खुद की तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोग मुझे पसंद करते हैं और पार्टी चाहे तो सर्वे करवा सकती है। गौरतलब है कि अमृतसर ईस्ट विधानसभा सीट से खुद नवजोत सिद्धू चुनाव लड़ते रहे हैं। 2022 के चुनाव में वह आम आदमी पार्टी (AAP) की कैंडिडेट जीवनजोत कौर से हार गए थे।