केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(CBSE) की ओर से शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए विभिन्न श्रेणी के तहत एफिलिएशन लेने के लिए आवेदन की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए स्कूल 31 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड की ओर से एफिलिएशन के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी तरह से स्वचालित यानि ऑटोमेटिक है। इसके लिए स्कूल एफिलेशन री-इंजीनियर्ड ऑटोमेशन सिस्टम यानि SARAS लागू है। स्कूल ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसमें माध्यमिक कक्षा के पाठ्यक्रम की स्वीकृति, 10वीं या 12वीं तक के लिए नई संबंद्धता, अन्य बोर्ड को छोड़कर सीबीएसई से संबद्धता, माध्यमिक स्तर तक क्रमोन्नत, संबद्धता का विस्तार, क्रमोन्नत, संबद्धता की बहाली, दो शिफ्टों की अनुमति, सेक्शन वृद्धि, अतिरिक्त विषय प्रस्तुत करने सहित 20 श्रेणी के आवेदन शामिल होंगे।
बोर्ड ने स्कूलों से आवेदन के समय ‘सरस’ में दिए गए दिशा निर्देशों की पालना के लिए कहा है। अधिकांश नई संबद्धता, अपग्रेडेशन, शाखा स्कूल, साइट शिफ्टिंग और दो शिफ्ट की अनुमति के मामलों में 100 प्रतिशत भौतिक निरीक्षण होगा। कुछ मामलों में वर्चुअल निरीक्षण या ऑटोमेटेड मोड से की जाएगी।
ये भी रखना होगा ध्यान
- सभी मौजूदा स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका ओएसिस डेटा अपडेट हो।
- आवेदन करने के इच्छुक सभी मौजूदा स्कूलों को एसक्यूएएएफ भी पूरा करना होगा। क्योंकि यह अनिवार्य है।
- जिन स्कूलों को विस्तार होना बाकी है (जिनकी संबद्धता अगले साल 31 मार्च 2027 तक वैध है या जिनका विस्तार लंबे समय से लंबित है), उन्हें पहले विस्तार के लिए आवेदन करना होगा, तभी उन्हें किसी अन्य श्रेणी के तहत आवेदन की अनुमति दी जाएगी।
- अतिरिक्त विषय प्रस्तुत करने वाले स्कूलों को ओएसिस पोर्टल में डेट अपडेट करना होगा और बोर्ड के मानदंडों के अनुसार विषय की पेशकश करनी होगी।