मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत उनके कैबिनेट के मंत्रियों ने संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक कर दिया है। दोनों डिप्टी सीएम (सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा) नीतीश कुमार से अमीर हैं। विजय सिन्हा की संपत्ति तो उनसे 6 गुना अधिक है। कैबिनेट में 3 मंत्रियों को छोड़ सभी मुख्यमंत्री नीतीश से ज्यादा अमीर हैं।
गृह मंत्री सम्राट चौधरी के पास 6 लाख रुपए के हथियार हैं। वहीं, सीएम नीतीश कुमार ने 13 गाय पाले हैं। ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अपनी 18 बीघा खेती लायक जमीन की कीमत सिर्फ 30 लाख रुपए बताई है।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में जानिए सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा और अन्य प्रमुख मंत्रियों के पास कितनी दौलत है।
सबसे पहले जानिए सीएम नीतीश कुमार की संपत्ति
सीएम नीतीश कुमार 1.65 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास चारा कल है। 13 गाय के 10 बच्चे (बछड़े) हैं। परिवार का कोई सदस्य उन पर निर्भर नहीं है। सीएम के पास कैश 20 हजार 552 रुपए हैं। यह पिछले साल से एक हजार रुपए कम है।
नीतीश कुमार की अंगूठी की कीमत 1 लाख 31 हजार से बढ़कर 2 लाख 3 हजार रुपए हो गई है। इनके पास कृषि योग्य जमीन नहीं है। पटना में अपना घर नहीं है। सरकारी आवास में रहते हैं। साल भर में इनकी संपत्ति में मामूली वृद्धि देखी गई है।
अशोक चौधरी सबसे अमीर, संजय कुमार सबसे गरीब
बिहार के सबसे अमीर मंत्री डॉ. अशोक चौधरी हैं। वे ग्रामीण कार्य मंत्री हैं। उनकी कुल संपत्ति 42.68 करोड़ रुपए है। इसमें उनकी पत्नी की भी संपत्ति शामिल है।
दूसरे नंबर पर पिछड़ा अति पिछाड़ा कल्याण मंत्री रमा निषाद हैं। उनकी कुल संपत्ति संपा 31.85 करोड़ रुपए है। इसमें उनके पति की भी संपत्ति शामिल है।
सबसे गरीब मंत्री संजय कुमार हैं। उनके पास सिर्फ 23.85 लाख की संपत्ति है। 3 मंत्रियों को छोड़ सभी मंत्री, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से ज्यादा धनवान हैं।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास है 4 लाख की राइफल
डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी पर परिवार के तीन लोग आश्रित हैं। सीएम से अधिक कैश रखते हैं। उनके हाथ में 1 लाख 35 हजार रुपए हैं। उनकी पत्नी के पास कैश 35 हजार रुपए है। पहले डिपेंडेंट प्रणय प्रियम चौधरी के पास 1550 रुपए है। बैंक डिपॉजिट 34 लाख 88 हजार रुपए है। उनकी पत्नी के बैंक खाते में 12.82 लाख रुपए जमा हैं।
इन्होंने 30 लाख रुपए से अधिक का बॉन्ड खरीदा है। 19 लाख रुपए से अधिक का एलआईसी बीमा है। इनके पास 7 लाख रुपए की बोलेरो कार है। 200 ग्राम सोना के गहने हैं, जिसकी कीमत 20 लाख रुपए है। इनकी पत्नी के पास 200 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी के गहने हैं।
सम्राट चौधरी के पास 4 लाख रुपए की एनपी बोर राइफल है। 2 लाख रुपए का एक रिवाल्वर है। 4 करोड़ 91 लाख रुपए की नन-एग्रीकल्चर जमीन है। इनकी पत्नी के नाम पर आईएएस कॉलोनी में 1450 वर्गफीट का फ्लैट है। इसकी खरीद कीमत 29 लाख बताई गई है।
सम्राट का 51.68 लाख का बॉन्ड, डिवेंचर और बीमा में निवेश है। 7 लाख को बोलेरो गाड़ी है। सम्राट के पास 4.91 करोड़ की जमीन-जायदाद है।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के पास है 10 करोड़ रुपए की संपत्ति
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के पास करीब 10 करोड़ रुपए की संपत्ति है। चल संपत्ति 5.13 करोड़ रुपए और अचल संपत्ति 3.64 करोड़ रुपए की है। इनके पास 88 हजार 560 रुपए कैश है। विजय सिन्हा की पत्नी शिवा इंटरप्राइजेज नाम की कंपनी (वैल्यू 2.40 करोड़ रुपए) की मालकिन हैं। उनके पास 3 करोड़ 2 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। इसके साथ ही 67 हजार 528 रुपए नकद हैं।
विजय सिन्हा के पास 77 हजार 181 रुपए की राइफल है। 90 ग्राम सोना के गहने हैं। इसे गिफ्ट में मिला बताया है। कीमत 9 लाख 90 हजार रुपए है। पटना के राजेंद्र नगर में 1050 वर्ग फीट का फ्लैट, एग्जीबिशन रोड में 1408 वर्ग फीट की कॉमर्शियल जमीन, कदम कुआं में 778 वर्ग फीट की जमीन है। इनकी जमीन लखीसराय से लेकर पटना मोकामा तक है, जिनकी कीमत 2.40 करोड़ रुपए है।
मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के पास है 3 करोड़ की संपत्ति
ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के पास 3 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। इन्होंने बैंक में 2.43 करोड़ रुपए जमा किया है। 70 लाख रुपए की अचल संपत्ति के मालिक हैं। इनके पास 18 बीघा खेती लायक जमीन है। इसकी कीमत मात्र 30 लाख रुपए बताई है। मंत्री के पास 50 हजार रुपए और इनकी पत्नी के पास 30 हजार रुपए कैश है।
मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास है 2 करोड़ की संपत्ति
संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास करीब 2 करोड़ रुपए की संपत्ति है। उनके पास 1 लाख रुपए कैश है। उनकी पत्नी के पास 3 लाख रुपए कैश है। विजय चौधरी 1.12 करोड़ रुपए की चल संपत्ति के मालिक हैं। उनकी पत्नी के पास भी 35.70 लाख रुपए की चल संपत्ति है। संसदीय कार्य मंत्री 70 लाख रुपए की अचल संपत्ति के मालिक हैं।
मंत्री मंगल पांडेय के खाते में है 1 करोड़ रुपए
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के पास 1 करोड़ 32 लाख 16 हजार 75 रुपए की चल संपत्ति है। इनके बैंक खाते में 1.19 करोड़ रुपए हैं। 59 हजार रुपए कैश है। इनकी पत्नी के पास करीब 55 लाख रुपए की चल संपत्ति है। मंगल पांडे के पास दिल्ली और पटना में फ्लैट हैं।
ये हैं सबसे गरीब मंत्रीः
- गत्रा उद्योग मंत्री संजय कुमार (23.85 लाख)
- श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर (32.61 लाख)
- डेयरी मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता (97.64 लाख)