इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) फुटबॉल में गुरुवार रात बड़े उलटफेर देखने को मिले। न्यूकैसल ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए मैनचेस्टर यूनाइटेड को हरा दिया। जोआओ पेड्रो की हैट्रिक से चेल्सी ने एस्टन विला को 4-1 से हराया।
आर्सनल ने टूर्नामेंट में 20वीं जीत से नंबर-1 पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। वहीं नॉटिंघम फॉरेस्ट ने 10 बार की चैंपियन मैनचेस्टर सिटी को ड्रॉ पर रोक दिया।
मैनचेस्टर यूनाइटेड की छठी हार
न्यूकैसल के सेंट जेम्स पार्क में बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। फर्स्ट हाफ के इंजरी टाइम में जैकब रेम्सी 2 यलो कार्ड मिलने के कारण मैच से बाहर हो गए। 10 प्लेयर्स के बावजूद टीम ने 2-1 से मैच जीता और पॉइंट्स टेबल में 12वां स्थान हासिल कर लिया। इस हार के बाद मैनचेस्टर यूनाइटेड तीसरे नंबर पर ही मौजूद है।
- 45+6 मिनट: न्यूकैसल के एंथनी गॉर्डन ने पेनल्टी को गोल में बदला और टीम को 1-0 से आगे कर दिया।
- 45+9 मिनट: यूनाइटेड के कैसेमिरो ने हेडर से गोल दागा और यूनाइटेड को बराबरी दिला दी। हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 रहा।
- 90वां मिनट: न्यूकैसल के विलियम ओसुला ने आखिरी मिनट में गोल किया और अपनी टीम को रोमांचक जीत दिला दी।
चेल्सी की एस्टन विला पर डोमिनेटिंग जीत
बर्मिंघम के विला पार्क में चौथे और पांचवें नंबर की टीम के बीच रोमांचक मुकाबले के उम्मीद थी, लेकिन चेल्सी ने 4-1 के अंतर से एकतरफा मैच जीत लिया।
- दूसरा मिनट: विला के डगलस लुइज ने मैच का पहला गोल दागा और अपनी टीम को आगे कर दिया।
- 35वां मिनट: चेल्सी के जोआओ पेड्रो ने गोल किया और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
- 45+6 मिनट: जोआओ पेड्रो ने अपना दूसरा गोल किया और चेल्सी को 2-1 से आगे कर दिया।
- 55वां मिनट: फर्स्ट हाफ के बाद एस्टन विला वापसी नहीं कर सकी। कोल पामर ने गोल दागा और चेल्सी 3-1 से आगे हो गई।
- 65वां मिनट: जोआओ पेड्रो ने अपनी हैट्रिक पूरी की और मैच 4-1 से चेल्सी के नाम कर दिया।
नॉटिंघम ने सिटी को ड्रॉ पर रोका
मैनचेस्टर के इथियाड स्टेडियम में मैनचेस्टर सिटी और नॉटिंघम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच जीतकर 10 बार की चैंपियन सिटी पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत कर सकती थी, लेकिन नॉटिंघम ने टीम को 2-2 के ड्रॉ पर रोक दिया।
- 31वां मिनट: सिटी के एंटोनी सेमेन्यो ने शानदार वॉली से गोल किया।
- 56वां मिनट: फॉरेस्ट के गिब्स-व्हाइट ने बैकहील से कमाल का गोल किया और स्कोर बराबर कर दिया।
- 60वां मिनट: सिटी के रोड्री ने हेडर से गोल किया और सिटी को 2-1 से आगे कर दिया।
- 76वां मिनट: फॉरेस्ट के इलियट एंडरसन ने लंबी दूरी से गोल कर सिटी की जीत छीन ली।
20वीं जीत से टॉप पर आर्सनल
आर्सनल ने ब्राइटन के घर में जाकर उन्हें 1-0 से हरा दिया। मैच का इकलौता गोल 9वें मिनट में बुकायो साका ने किया। वे अपने करियर का 300वां मैच खेल रहे थे। इस गोल के बाद दोनों ही टीमों ने अपने डिफेंस पर जोर दिया, जिस कारण गोल के ज्यादा मौके नहीं बन सके। टूर्नामेंट में 20वीं जीत से आर्सनल 67 पॉइंट्स लेकर टॉप पर मौजूद है। मैनचेस्टर सिटी 60 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है।