संतकबीर नगर के मगहर में छह दिवसीय कबीर मगहर महोत्सव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। यह महोत्सव 28 जनवरी से 3 फरवरी तक चलेगा। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इस दौरान देश के जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
महोत्सव की शुरुआत 28 जनवरी को प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा के भक्तिमय भजनों से होगी। इसके बाद, 1 फरवरी को कल्पना पटवारी पूर्वांचल और लोक संस्कृति से जुड़े गीत प्रस्तुत करेंगी। 2 फरवरी को अल्ताफ रजा अपनी सूफियाना और ग़ज़लों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
सद्गुरु कबीर की वाणी को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कबीर चौरा परिसर में इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम मंच के सामने दर्शकों के लिए विशाल जर्मन हैंगर लगाए जा रहे हैं, ताकि बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देख सकें।
नगर पंचायत प्रशासन द्वारा परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिशाषी अधिकारी वैभव सिंह ने बताया कि साफ-सफाई के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और सफाईकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। दुकानों का आवंटन खिचड़ी के मेले के दौरान ही कर दिया गया था।
सदस्य पूर्व चेयरमैन नूरुज्जमा अंसारी ने बताया कि कार्यक्रम में कल्पना पटवारी, कव्वाल अल्ताफ रजा के अलावा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और कुल हिन्द मुशायरा जैसी प्रस्तुतियां भी होंगी। अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश ने जानकारी दी कि महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों को भी विशेष मंच दिया जाएगा, जिससे जिले की प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन मिल सके। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ कबीर दर्शन, सामाजिक समरसता और लोकसंस्कृति से जुड़े आयोजन भी किए जाएंगे।