MP के 16 शिक्षकों का आज होगा सम्मान:दो शिक्षक राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित, 14 टीचर राज्य स्तरीय समारोह में होंगे सम्मानित

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा हर वर्ष दिए जाने वाले ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार’ के लिए इस बार मध्यप्रदेश के दो शिक्षकों का चयन हुआ है। दमोह जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम देवरान टपरिया स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की शिक्षिका शीला पटेल और आगर-मालवा जिले के सुसनेर विकासखंड के ग्राम खेरिया स्थित शासकीय ईपीईएस माध्यमिक शाला के शिक्षक भेरूलाल ओसारा को इस सम्मान के लिए चुना गया है। दोनों शिक्षकों को 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली में सम्मानित करेंगी।

इधर, प्रदेश में शुक्रवार को राजधानी भोपाल में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित होगा। यह आयोजन प्रशासन अकादमी में होगा। जिसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद रहेंगे। जिसमें प्रदेशभर से चयनित 14 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य और योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। सम्मान स्वरूप प्रत्येक शिक्षक को 25 हजार रुपए की सम्मान निधि, शॉल-श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट किया जाएगा।

प्राथमिक और माध्यमिक श्रेणी के 8 शिक्षक चयनित

समारोह में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर कार्यरत 8 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें गुना के शासकीय प्राथमिक शाला बिसोनिया के जितेन्द्र शर्मा, शाजापुर के शासकीय उ.मा.वि. क्रमांक-2 के दिलीप जायसवाल, सिवनी के ई.पी.ई.एस. भाटीवाड़ा के दिलीप कटरे, दमोह के शासकीय प्राथमिक स्कूल बसिया के श्रीकांत कुर्मी, खंडवा की शासकीय उ.मा.वि. रुस्तमपुर की श्रद्धा गुप्ता, दमोह की शासकीय माध्यमिक स्कूल के मोहन सिंह गौंड, उज्जैन की शासकीय माध्यमिक शाला चंदेसरा के अपूर्व शर्मा और अलीराजपुर की शासकीय माध्यमिक शाला के धनराज वाणी शामिल हैं।

उच्चतर माध्यमिक श्रेणी से 6 शिक्षक होंगे सम्मानित

कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाने वाले 6 शिक्षकों को भी इस बार सम्मान के लिए चुना गया है। इनमें धार जिले के शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. बाग की राधा शर्मा, जबलपुर मेडिकल कॉलेज स्थित शासकीय उ.मा.वि. के डॉ. नरेन्द्र कुमार उरमलिया, सागर के शासकीय उ.मा. संभागीय ज्ञानोदय स्कूल के महेन्द्र कुमार लोधी, रतलाम के शासकीय उ.मा.वि. जावरा की विनीता ओझा और राजगढ़ के शासकीय हाई स्कूल की डॉ. सरिता शर्मा शामिल हैं।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों का भी सम्मान होगा

समारोह में वर्ष 2024 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को भी राज्य स्तर पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इनमें दमोह के शासकीय माध्यमिक शाला लिधौरा, ब्लॉक बटियागढ़ के माधव प्रसाद पटेल और मंदसौर के शासकीय हाई स्कूल की शिक्षिका सुनीता गोधा शामिल हैं। इन्हें शॉल-श्रीफल, स्मृति चिन्ह और 5 हजार रुपए की सम्मान निधि दी जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं

राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कारों की घोषणा पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने चयनित शिक्षकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ये सभी शिक्षक अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में अग्रणी रहे हैं। उनका चयन प्रदेश के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

E-Paper 2025