एमपी में फिर से बादल छा गए हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोक्ष) और ट्रफ के असर से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत कई शहरों में बुधवार को बादल रहे। जिससे दिन का टेम्पेरेचर भी लुढ़क गया। मौसम विभाग की माने तो अगले 5 दिन में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 2 वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहे हैं। इस वजह से बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन बादल जरूर छाए रह सकते हैं।
इधर, अगले 3 से 4 दिन तक ठंड का असर बरकरार रहेगा। खासकर देर रात और सुबह के समय सर्दी रहेगी। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि वर्तमान में सिस्टम के असर की वजह से बादल है। आने वाले दिनों में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी का ट्रेंड रहेगा।
सर्दी का एक और दौर आएगा
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। साथ ही कई राज्यों में बारिश का दौर भी चल रहा है। सिस्टम गुजरने और बर्फ पिघलने के बाद मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। अगले कुछ दिन में तापमान में गिरावट का दौर भी देखने को मिल जाएगा। हालांकि, सर्दी तेज नहीं रहेगी। रात में ज्यादातर शहरों में तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच ही रहेगा।
अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम
- 13 फरवरी- कुछ जिलों हल्का कोहरा रहेगा। बारिश का अलर्ट नहीं है। दिन में बादल छा सकते हैं।
- 14 फरवरी- कुछ ही जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा रहेगा। इस दिन बारिश का अलर्ट नहीं है।
कल्याणपुर में पारा 5 डिग्री से नीचे
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की रात में शहडोल के कल्याणपुर में तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। यहां पर न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 7.4 डिग्री, कटनी के करौंदी में 8.4 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक में 9.1 डिग्री, मंदसौर में 9.1 डिग्री, खजुराहो में 9.2 और दतिया में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बड़े शहरों की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के पार ही रहा। ग्वालियर में 13 डिग्री, उज्जैन-जबलपुर में 13.5 डिग्री और भोपाल-इंदौर में तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
MP के पांच बड़े शहरों में फरवरी का मौसम…
भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, दिन गर्म
भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, जबकि दिन गर्म। वर्ष 2014 से 2024 के बीच 4 साल दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया था। रात में 7 साल पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। इस बार फरवरी में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार है।
इंदौर में बारिश का ट्रेंड नहीं
फरवरी में इंदौर में बारिश होने का ट्रेंड नहीं है। 2014 और 2015 में बूंदाबांदी जरूर हुई थी। दूसरी ओर दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार ही रहता है। 2019 में तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया था। यहां रात में पारा 10 डिग्री के नीचे रहता है।
ग्वालियर में कड़ाके की ठंड
ग्वालियर में कड़ाके की ठंड का ट्रेंड रहता है। इसकी वजह यहां सीधे उत्तरी हवाएं आना है। 4 फरवरी 2018 की रात में न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 1.9 डिग्री दर्ज किया गया था। साल 2019, 2022 और 2023 में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से नीचे ही रहा। पिछले साल ग्वालियर में बारिश भी हुई थी। इस बार यहां फरवरी के पहले ही दिन बारिश का दौर रहा है।
जबलपुर में भी बदला रहता है मौसम
जबलपुर में भी मौसम बदला रहता है। फरवरी के दूसरे सप्ताह के बाद दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहता है, जबकि रात में तापमान न्यूनतम 11 डिग्री के आसपास रहता है। यहां फरवरी में बारिश का भी ट्रेंड है। 10 में से 6 साल यहां बारिश हो चुकी है।
उज्जैन में गर्मी, बारिश और ठंड का दौर
उज्जैन में गर्मी और ठंड के साथ बारिश भी होती है। दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार ही रहता है, जबकि रात में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया जाता है। उज्जैन में फरवरी महीने में बारिश का ट्रेंड कम ही है।