PAK डॉन बोला- गैंगस्टर लॉरेंस गद्दार:जेल से निकले, फिर कार्रवाई करूंगा, दोनों भाई मुझसे डरते हैं; भारत में मेरे 25–30 खास लोग

पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने वीडियो जारी कर गैंगस्टर लॉरेंस को घेरा। भट्टी ने कहा कि पिछले 10–15 दिनों से उसके खिलाफ झूठी खबरें फैलाई गईं कि उस पर गोलियां चलाई गईं। उसने लॉरेंस को खुली चुनौती देते हुए पूछा कि क्या उसके पास उसे मारने के लिए हथियार हैं।

भट्टी ने दावा किया कि भारत में उसके 25–30 खास लोग मौजूद हैं, जिन तक लॉरेंस आज तक नहीं पहुंच सका। साथ ही उसने लॉरेंस को गद्दार बताते हुए कहा कि सही वक्त आने पर वह जवाब देगा।

कुछ दिन पहले लॉरेंस गैंग ने दावा किया था कि शहजाद भट्टी पर हमला करवाया। लॉरेंस गैंग की तरफ से गैंगस्टर रणदीप मलिक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी। जिसमें शहजाद भट्टी को पुर्तगाल में ट्रैक कर हमला करने की बात लिखी थी।

भट्‌टी और लॉरेंस पहले अच्छे दोस्त थे। मगर, भट्‌टी के लॉरेंस के गुर्गों से अपने काम करवाने और पहलगाम अटैक पर लॉरेंस की हाफिज सईद को धमकी के बाद वह एक-दूसरे के कट्‌टर दुश्मन बन गए हैं।

वीडियो में शहजाद भट्टी ने क्या कहा…

  • मेरी झूठी खबरों के बहुत मजे लिए: वीडियो में शहजाद भट्टी ने कहा कि 10–15 दिन लोगों ने झूठी खबरों के बहुत मजे लिए कि मेरे ऊपर गोलियां चलाई गई हैं। इसके बाद लॉरेंस ने मेरी जिम्मेदारी ली कि शहजाद भट्टी को मार दिया। मैं लॉरेंस से पूछना चाहता हूं क्या तुम्हारे पास मुझे मारने के लिए हथियार हैं या नहीं हैं? अगर नहीं है तो वह उसे बता दे और वह दोबारा उसे हथियार मुहैया करवाकर भेज देगा।
  • पोस्ट डालने वाला अब रो रहा है: भट्टी ने कहा कि जिसने पोस्ट शेयर की है, अब वह रो रहा है और कह रहा है कि उसे इसके बारे में कुछ भी पता नहीं है। मैं लॉरेंस की औकात से कई गुना आगे हूं और भारत में मेरे 25 से 30 खास गुर्गे मौजूद हैं।
  • गुर्गों को हाथ नहीं लगा सका लॉरेंस: भट्टी ने कहा कि लॉरेंस आज तक इन गुर्गों को हाथ नहीं लगा सका और वह मुझे कहां हाथ लगा लेगा। जब तक लॉरेंस का भाई विदेश में रहा तब तक लॉरेंस ने कोई जिम्मेदारी नहीं उठाई। अब जेल में भाई को सेफ करने के बाद मेरी जिम्मेदारी ले रहा है।
  • रेड से पहले दूसरे देशों में शिफ्ट: भट्टी ने कहा कि लॉरेंस अपने देश का गद्दार है। लॉरेंस की कई ऑडियो मेरे पास मौजूद हैं। मेरे खिलाफ कई देशों में केस चल रहे हैं। विदेश में पुलिस द्वारा रेड की जाती हैं। रेड के बारे में पहले से मुझे पता चल जाता है, इसलिए मैं दूसरे देशों में शिफ्ट हो जाता हूं और खुद को सेफ कर लेता हूं।
  • लॉरेंस से ज्यादा मेरे गनमैनों पर पर्चे दर्ज: शहजाद ने कहा कि लॉरेंस से हकीकत में कुछ नहीं हो सकता। लॉरेंस के पास कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जो मेरी लोकेशन के बारे में उसे बता सके। लॉरेंस लोगों के दरवाजों पर गोलियां चलवाकर पर्चे दर्ज करके खुद को डोन समझ रहा है। इससे ज्यादा पर्चे पाकिस्तान में मेरे गनमैनों के खिलाफ है।
  • दोनों भाई मुझसे डरते हैं: भट्टी ने कहा कि लॉरेंस और उसका भाई मुझसे डरते हैं। दोनों भाई जेल में बंद होने के बावजूद सिक्योरिटी लेकर बैठे हैं। लॉरेंस वही बंदा है जो 6 घोड़े (हथियार) लेने के लिए मेरी मिन्नतें करता था। लॉरेंस हमारे हाथ का लगाया हुआ पौधा है। लॉरेंस मेरा बाल भी नहीं उखाड़ सकता।
  • लॉरेंस काम कराने के बाद अपने बंदों के फोन नहीं उठाता: भट्टी ने कहा लॉरेंस मुझे छोड़कर मेरे गुर्गों को भी हाथ नहीं लगा सकता। लॉरेंस अपने बंदों से काम करवाने के बाद उनके फोन तक नहीं उठाता। मैं लॉरेंस के बंदों को वारदात को अंजाम देने के बाद विदेश पहुंचा सकता था, तो मैं अपने बंदों को भी भेज सकता हूं।
E-Paper 2025