प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा रद्द हो गया है। वह 17 अक्टूबर को सोनीपत में रैली को संबोधित करने वाले थे। प्रदेश की नायब सरकार के एक साल पूरा होने के अवसर पर होने वाली रैली भी स्थगित कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक ऐन मौके पर PM का कार्यक्रम रद्द किया गया है। हालांकि, सरकार की तरफ से आधिकारिक तौर पर इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई।
सूत्रों के मुताबिक IPS वाई पूरन कुमार के सुसाइड के बाद से प्रदेश में बना माहौल इसकी वजह हो सकता है। दूसरी वजह त्योहारी माहौल की व्यस्तता भी मानी जा रही है।
सोनीपत की राई एजुकेशन सिटी में रैली की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। सोमवार शाम को करीब 6 बजे CM नायब सैनी तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे।
यहां CM ने कहा था कि भाजपा सरकार का एक साल पूरा हो रहा है। PM का स्वागत होगा। हरियाणा के लोगों के साथ PM का काफी स्नेह व प्यार है, इसलिए वो लगातार यहां आते रहे हैं।
CM खुद PM को देकर आए थे न्योता
CM नायब सैनी ने खुद 1 अक्टूबर को दिल्ली जाकर पीएम मोदी को न्योता दिया था। इस मुलाकात में सीएम सैनी ने प्रधानमंत्री से लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर भी चर्चा की थी। पीएम ने एप लॉन्चिंग के बाद योजना से संबंधित फीडबैक भी लिया था। पहले अंबाला कैंट में 18 अक्टूबर को कार्यक्रम पर चर्चा थी। बाद में तारीख 17 अक्टूबर तय हुई और स्थान सोनीपत का राई एजुकेशन सिटी।
16 बार आ चुके पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगस्त 2014 के बाद से हरियाणा में 16 बार दौरा कर चुके हैं। 17 अक्टूबर 2024 को चंडीगढ़ में हुए नायब सैनी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए थे। इसके बाद 9 दिसंबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के पानीपत पहुंचे। यहां उन्होंने “प्रधानमंत्री बीमा सखी योजना” की शुरुआत की थी। इसके साथ ही कई अन्य विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
इसके बाद 14 अप्रैल 2025 को मोदी दोबारा हरियाणा आए। इस बार उनका कार्यक्रम हिसार और यमुनानगर में था। उन्होंने हिसार एयरपोर्ट से नई विमान सेवा की शुरुआत की और यमुनानगर में 800 मेगावाट की नई थर्मल यूनिट की आधारशिला रखी। इसके अलावा गोबर-धन संयंत्र जैसी पर्यावरण से जुड़ी परियोजनाएं भी शुरू कीं।
3 अक्टूबर को शाह आए थे रोहतक-कुरुक्षेत्र
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 3 अक्टूबर को रोहतक व कुरुक्षेत्र में कार्यक्रमों में भाग लिया था। उस दिन उन्होंने 19 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया। साथ ही 3 नए कानूनों को लेकर कुरुक्षेत्र में लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया था।