अंबाला में चोरी कर भाग रहा व्यक्ति छत से गिरा:मकान से बिजली फिटिंग की तारें उखाड़ी; लोग पकड़ने के लिए पीछे लगे

अंबाला शहर के बलदेव नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के मकान से चोरी की वारदात सामने आई है। मकान मालिक ने मौके पर ही एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वीटा कॉलोनी, थाना बलदेव नगर निवासी सर्वजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वीटा मिल्क प्लांट में नौकरी करता है और उसने फेस नंबर 1, जग्गी कॉलोनी, अंबाला शहर में मकान नंबर 53 खरीदा हुआ है, जहां इन दिनों रिपेयर का काम चल रहा है।

सर्वजीत के अनुसार, एक दिन पहले उसके मकान से बाथरूम की टोटियां, शावर, ड्रिल मशीन और दो गीजर चोरी हो गए थे। सुबह जब वह अपने मकान पर गया, तो देखा कि ताला टूटा हुआ था और अंदर से बिजली की फिटिंग व तारें उखाड़ी गई थीं।

छतों के रास्ते भागने का प्रयास

सर्वजीत ने बताया कि जब वह अपने सामान की तलाश कर रहा था, तभी उसने एक व्यक्ति को चोरी का सामान लेकर जाते देखा। पकड़ने की कोशिश करने पर वह व्यक्ति मकानों की छतों से कूदकर भागने लगा, लेकिन गिरने से घायल हो गया। पड़ोसियों की मदद से उसे काबू किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौतम, निवासी डेहा कॉलोनी, अंबाला शहर बताया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

सर्वजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस चौकी बलदेव नगर इंचार्ज एसआई रमेश कुमार ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एएसआई जसबीर सिंह को सौंपी गई है।

E-Paper 2025