अंबाला में रात को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराई:22 वर्षीय युवक गंभीर घायल; तेज रोशनी लगने से नहीं दिया दिखाई

अंबाला के गांव उगाला के पास एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की बाइक सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। घायल युवक का इलाज मुलाना के एमएम अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा

गांव सबका (अंबाला) के रहने वाले संजीव कुमार ने बताया कि उनके भांजे लवली (22 वर्ष), जो कुरुक्षेत्र के गांव बीड बड़तौली के निवासी हैं, खानपुर दूबली की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। शाम करीब 7:15 बजे लवली अपनी ड्यूटी खत्म कर मामा के घर गांव सबका पहुंचे थे। इसके बाद दोनों अपनी-अपनी बाइकों पर कुरुक्षेत्र के लिए निकले।

तेज रोशनी में दिखी नहीं ट्रॉली, बाइक जा टकराई

संजीव कुमार के अनुसार, वे अपने भांजे की बाइक से लगभग 100 गज पीछे चल रहे थे। गांव सोहता से थोड़ा आगे उगाला की ओर बढ़ते समय सामने से आ रही एक गाड़ी की तेज रोशनी लवली की आंखों पर पड़ी। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लवली बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए, जिससे उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।

बिना रिफ्लेक्टर खड़ी ट्रॉली बनी हादसे की वजह

संजीव कुमार ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक ने ट्रॉली को सड़क पर बिना किसी रिफ्लेक्टर, पार्किंग लाइट या सिग्नल के खड़ा किया था। अंधेरे में ट्रॉली दिखाई न देने के कारण यह हादसा हुआ।

राहगीरों ने नहीं की मदद, पुलिस ने पहुंचकर बचाई जान

हादसे के बाद संजीव कुमार ने राहगीरों से मदद मांगी, लेकिन किसी ने सहायता नहीं की। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल लवली को तुरंत एमएम अस्पताल मुलाना ले जाया गया। युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

थाना बराड़ा पुलिस ने चश्मदीद गवाह संजीव कुमार के बयानों के आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(ए) और 285 के तहत मुकदमा नंबर 62 दर्ज किया है। एएसआई राजेश कुमार इस मामले की जांच कर रहे हैं।

E-Paper 2025