अमृतसर में इस बार होली के इन दिनों में त्योहार कुछ खास अंदाज में मनाया जा रहा है। रंगों और खुशियों के इस पर्व पर यहां की मिठाई दुकानों में पारंपरिक गुझिया को नए-नए फ्लेवर के साथ पेश किया गया है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
होली के मौके पर बाजार में मैंगो गुझिया, चॉकलेट गुझिया, पिस्ता गुझिया और स्ट्रॉबेरी गुझिया की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की बदलती पसंद को ध्यान में रखते हुए इस बार गुझिया में रंगों और स्वाद का खास तड़का लगाया गया है। यही वजह है कि इन खास फ्लेवर वाली गुझिया की डिमांड सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश-विदेश से भी ऑर्डर मिल रहे हैं।
ऑनलाइन सुविधा से बढ़ा मिठाई कारोबार
एक स्थानीय दुकानदार अंजली ने बताया कि होली प्यार, सौहार्द और उमंग का त्योहार है। लोग जैसे रंगों से होली खेलते हैं, उसी तरह मिठाइयों में भी रंग और विविधता पसंद करते हैं। इसी सोच के साथ अलग-अलग फ्लेवर और आकर्षक पैकिंग में गुझिया तैयार की गई हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन ऑर्डर की सुविधा शुरू होने से कारोबार में काफी बढ़ोतरी हुई है और हर दिन ऑर्डर की संख्या बढ़ रही है।
रंग और मिठास से सजे खास होली गिफ्ट पैक
इस बार खास गिफ्ट पैक भी तैयार किए गए हैं, जिनमें स्वादिष्ट मिठाइयों के साथ रंगों को भी शामिल किया गया है। ताकि लोग अपने प्रियजनों को मिठास और रंग दोनों का तोहफा दे सकें। दुकानदारों का मानना है कि ऐसे नए प्रयोग न केवल व्यापार को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि होली के त्योहार की रौनक को भी दोगुना कर रहे हैं।