खालिस्तान समर्थक कनाडा और अमेरिका में भारत विरोधी गतिविधियां चला रहे हैं। अमेरिका में सिख फॉर जस्टिस से जुड़े समर्थकों ने अमेरिका में प्रदर्शन किया और भारत विरोधी नारे लगाए।
खालिस्तान समर्थकों ने किल मोदी पॉलिटक के नारे लगाए। वहीं कुछ दिन पहले किए गए प्रदर्शन के दौरान खालिस्तान समर्थकों ने इंडियन प्रोडक्ट के साथ-साथ इंडियन एयरलाइंस, शॉप्स व आउटलेट का बायकॉट करने का ऐलान भी किया।
अमेरिका में इन दिनों खालिस्तान समर्थक खालिस्तान रेफरेंडम करवा रहे हैं और इसके लिए अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान वो भारत विरोधी नारे लगाकर लोगों को अपने रेफरेंडम (जनमत संग्रह) में शामिल होने की अपील भी कर रहे हैं।
खालिस्तान समर्थक अमेरिका में भारत विरोधी प्रदर्शनों के वीडियो शेयर कर रहे हैं और लोगों को खालिस्तान मूवमेंट से जुड़ने को कह रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ अमेरिका में रहने वाले सिख समुदाय के लोग खालिस्तान समर्थकों की इन गतिविधियों का पाकिस्तान समर्थित बताकर विरोध भी कर रहे हैं।
यह वीडियो खालिस्तान समर्थक हरनेक सिंह ने अपने X-अकाउंट पर पोस्ट किया है। इसके अलावा अन्य लोगों ने भी इस वीडियो को पोस्ट करके इसे पाकिस्तान का एजेंडा बताया है।
प्रदर्शन के दौरान खालिस्तान समर्थकों की अहम बातें…
- अमेरिकी बहादुर सैनिकों के सम्मान में एकत्रित हुए: खालिस्तान समर्थक अमेरिकी सैनिकों की बहादुरी को नमन करने के लिए एकत्रित हुए। उन्होंने हाथ में खालिस्तान के झंडों के साथ अमेरिका का झंडा व अमेरिकी बहादुर सैनिकों की फोटो वाला पोस्टर लिया।
- प्रदर्शन भारत विरोधी नारों से शुरू: सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें खालिस्तान समर्थकों ने अमेरिकी सैनिकों को नमन करने के बजाय भारत विरोधी व मोदी विरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए। “किल मोदी पॉलिटिक व खालिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए गए।
- खालिस्तान हमारी पहचान है: खालिस्तान समर्थक वीडियो में कह रहे हैं कि खालिस्तान हमारी पहचान है। अगर पहचान ही छोड़ दी तो हमारे पल्ले क्या रह जाएगा। लड़ाई तो पहचान की है और अस्तित्व बचाने की है।
- जंग के मैदान में मजबूत रहें: खालिस्तान समर्थकों का कहना है कि खालिस्तान के लिए लड़ी जा रही जंग में जितने मजबूत रहेंगे, टेबल पर जब बात होगी तो उतने ही मजबूत रहेंगे। अगर खालिस्तान की जंग के मैदान में तगड़े नहीं रहे तो टेबल पर हमें कोई बैठाएगा भी नहीं।
- लड़ना हम अच्छे से जानते हैं: खालिस्तान समर्थकों ने वीडियो के अंत में कहा है कि राजनीति हमें भले ही कम आती है, लेकिन हम लड़ना अच्छे से जानते हैं। इस वीडियो के जरिए खालिस्तान समर्थकों ने अपील की है कि खालिस्तान बनाने के लिए उनका साथ दें।
- इंडिया के खिलाफ खालिस्तान समर्थकों की आर्थिक लड़ाई: हरनेक सिंह ने अमेरिका में रह रहे खालिस्तान समर्थकों की एक और वीडियो पोस्ट की है। जिसमें खालिस्तान समर्थक भारत के खिलाफ आर्थिक लड़ाई का ऐलान कर रहे हैं। खालिस्तान समर्थक प्रदर्शन करते हुए कह रहे हैं कि उन्हें न तो मेड इन इंडिया प्रोडक्ट खरीदने हैं और न ही इंडियन एयरलाइंस का इस्तेमाल करना है। इसके अलावा इंडियन आउट लेट व स्टोर्स से सामान न लेने को भी कहा।=