इंदौर में पेस्टिसाइड कारोबारी के ठिकानों पर छापा:कई कंपनियों में लाखों की टैक्स चोरी की आशंका, घंटों चली दस्तावेजों और खातों की जांच

इंदौर में स्टेट जीएसटी विभाग ने मंगलवार दोपहर बाद पेस्टिसाइड कारोबारी संजय अग्रवाल के निवास, उनकी कंपनियों के कार्यालयों सहित अन्य ठिकानों पर छापा मारकर घंटों तक जांच-पड़ताल की। आशंका है कि इन कंपनियों द्वारा लाखों रुपए की जीएसटी चोरी की गई है। विभाग को इस कार्रवाई में बड़े खुलासे की उम्मीद है।

दोपहर बाद स्टेट जीएसटी की अलग-अलग टीमों ने अग्रवाल के संजना पार्क स्थित निवास सहित पांच कंपनियों पर एक साथ छापा मारकर कार्रवाई शुरू की। जिन कंपनियों पर छापा मारा गया, उनमें नर्मदा ट्रेडर्स, ग्रो रिच एग्रोटेक, सुशील कॉर्पोरेशन आदि शामिल हैं। विभाग की एक बड़ी टीम ने बिचौली मर्दाना स्थित अग्रवाल के निवास पर भी गहन छानबीन की।

कार्रवाई शुरू होते ही टीम ने सबसे पहले बंगले में सभी की आवाजाही बंद कराई और वहां मौजूद परिवार के सदस्यों के मोबाइल एक स्थान पर रखवा लिए। इस दौरान दस्तावेजों, डाटा आदि को लेकर पूछताछ की गई और आवश्यक सामग्री को जांच में लिया गया।

विभाग की अलग-अलग टीमों ने मुख्य कंपनी के साथ ही एसोसिएट कंपनियों और इनके कर्ताधर्ताओं के बैंक खातों, लेन-देन और वित्तीय गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई। इसके अलावा कंपनियां कितने प्रकार के पेस्टिसाइड और अन्य संबंधित उत्पाद बनाती हैं, इससे जुड़े दस्तावेज हासिल किए गए। इन उत्पादों का उत्पादन इंदौर सहित किन-किन स्थानों पर होता है, इसकी जानकारी भी जुटाई गई।

अनुमान है कि बीते समय में इन कंपनियों द्वारा बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी कर शासन को नुकसान पहुंचाया गया है।

E-Paper 2025