16 अगस्त को मप्र कांग्रेस के सभी 71 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों की घोषणा हुई। ये सभी जिला अध्यक्ष शनिवार को ही दिल्ली पहुंच गए। इनकी आज कांग्रेस के नए राष्ट्रीय कार्यालय में पहली वर्कशॉप होगी। इस वर्कशॉप में राहुल गांधी मुख्य रूप से जिलाध्यक्षों को कैडर मैनेजमेंट के टिप्स देंगे।
जिलाध्यक्षों ने समझा कांग्रेस के नया हेडक्वार्टर का सिस्टम
शनिवार को दिल्ली में 9ए, कोटला रोड स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के नए हेडक्वार्टर में एमपी के सभी कांग्रेस जिलाध्यक्ष पहुंचे। यहां पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के साथ सभी जिलाध्यक्षों ने AICC ऑफिस का भ्रमण कर पूरी कार्यपद्धति समझी। इसके बाद मप्र कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्षों को हरीश चौधरी ने डिनर दिया।
9 घंटे चलेगी पहली ट्रेनिंग
कांग्रेस जिला अध्यक्षों की पहली वर्कशॉप आज सुबह 9:30 बजे से शुरु होगी। सभी जिलाध्यक्षों को 9 बजे रिपोर्ट करने को कहा गया है। शाम 7 बजे तक चलने वाली इस वर्कशॉप में जिला अध्यक्षों को संगठन सृजन अभियान की पूरी रूपरेखा से लेकर आगामी समय की चुनौतियों और चुनावी रणनीति के बारे में बताया जाएगा।
प्रजेंटेशन से जिलाध्यक्षों को बताएंगे रोडमैप इस वर्कशॉप में जिला अध्यक्षों के सामने एक प्रजेंटेशन भी दिया जाएगा। इस प्रजेंटेशन में जिला अध्यक्षों को यह बताया जाएगा कि पार्टी की विचारधारा से जुडे़ लोगों को ही जिले की टीम में जगह दी जाए। खासकर जो कार्यकर्ता एनएसयूआई, सेवादल, महिला कांग्रेस में काम करते आए हैं उन्हें जिले के संगठन में मौका दिया जाना चाहिए।