कुरुक्षेत्र में घर की छत गिरी:2 भाइयों की मौत, मलबे में दबने से 4 घायल; प्रयागराज से काम करने आए थे

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बुधवार सुबह एक मकान की छत गिर गई। हादसे में 2 सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को मलबे से निकालकर शाहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना शाहाबाद की अमर विहार कॉलोनी की है। सुबह 6 बजे जब हादसा हुआ, 7 लोग सो रहे थे। एक व्यक्ति उठकर बाहर चला गया था, जिसके बाद 6 लोगों के ऊपर छत गिर गई।

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले संदीप (26) और कुलदीप (27) के रूप में हुई है। सभी काम करने के लिए शाहाबाद आए हुए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।

घटना पर कॉलोनी के व्यक्ति की 2 बातें…

  • एक उठकर बाथरूम करने गया: विजय कलसी ने बताया कि अनाज मंडी रोड स्थित डेरे के पास 8 दिन पहले सभी लोग काम करने के लिए आए थे। जिस मकान में ये सभी लोग रहे थे, वह कच्चा था। बुधवार सुबह 7 बजे अचानक मकान की छत गिर गई। उस समय लोग सो रहे थे। कल्लू उठकर बाथरूम में चला गया था। आवाज सुनते ही व्यक्ति ने कॉलोनी के लोगों को बुला लिया।
  • सभी को एम्बुलेंस में अस्पताल ले गए: विजय ने आगे कहा कि मलबे में दबने से संदीप और कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायलों को शाहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचने से पहले संदीप और कुलदीप की मौत हो चुकी थी। राजेंद्र, पप्पू, सुनील और राजू को दाखिल कर लिया गया।

लकड़ी की कड़ियों से बनी थी छत

आसपास के लोगों का कहना है कि शाहाबाद में पिछले एक महीने से लगातार बारिश हो रही है। जिस मकान में ये सभी लोग रह रहे थे, वह कच्चा था। मकान की छत लकड़ी की कड़ियों से बनी हुई थी। बारिश का पानी रोकने के लिए उस पर तिरपाल लगाया गया था। साइड में बनी दीवार भी कच्ची थी। बारिश की वजह से मकान की छत कमजोर हो गई थी, इसी वजह से यह हादसा हुआ।

चौकी इंचार्ज बोले- एक कुरुक्षेत्र रेफर किया

शाहाबाद पुलिस चौकी इंचार्ज महेश कुमार ने बताया कि हादसे में राजेंद्र, राजू और पप्पू कुंडा प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं। इनके अलावा सुरेंद्र पाठक बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले हैं, जिसे शाहाबाद सिविल अस्पताल से कुरुक्षेत्र LNJP रेफर किया गया है।

E-Paper 2025