कुरुक्षेत्र संगमेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे सीएम:जल-दूध से किया शिवलिंग का अभिषेक; 8 गांवों का दौरा कर सुनेंगे समस्याएं

हरियाणा के सीएम नायब सैनी आज कुरुक्षेत्र दौरे पर है। पूरा दिन सीएम नायब सैनी जिले में ही रहेंगे। सबसे पहले सीएम नायब सैनी संगमेश्वर महादेव मंदिर अरुणाय पहुंचे। यहां मंदिर में चल रही विशेष पूजा में मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। सीएम ने जल और दूध के साथ संगमेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।

सीएम सुबह करीब पौने 10 बजे मंदिर पहुंचे। यहां सीएम नायब सैनी 11 हजार बेलपत्रों से बाबा भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। श्रावण मास संगमेश्वर महादेव मंदिर में विशेष अनुष्ठान होता है। श्रावण मास की इस विशेष पूजा में अब तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, मंत्री कृष्ण बेदी और मंत्री विपुल गोयल शामिल हो चुके हैं।

गांवों में सुनेंगे समस्याएं

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सीएम नायब सैनी अपनी विधानसभा क्षेत्र के 8 गांवों का दौरा करेंगे। सीएम नायब सैनी बाबैन खंड के डंगाली, डीग, बीड़ कालवा, धनानी, गुढ़ी, जोगी माजरा, बकाली और निवारसी गांव जाएंगे। इन गांवों में सीएम ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

सीएम नायब सैनी के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। अरुणाय में सड़क मरम्मत के साथ साफ-सफाई करवाई गई। साथ ही सीएम की सुरक्षा के लिए भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। शेड्यूल के मुताबिक सीएम नायब सैनी शाम 7 बजे तक गांवों के कार्यक्रम में रहेंगे। उसके बाद चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।

E-Paper 2025