केंद्रीय बजट से हरियाणा के उद्योग, कृषि और युवा शक्ति को मिलेगी ऐतिहासिक गति: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

केंद्रीय बजट से हरियाणा में निवेश और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे: सीएम

एमएसएमई विकास निधि और आईटी सेक्टर से हरियाणा बनेगा देश की आर्थिक प्रगति का इंजन

चंडीगढ़,1 फरवरी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए इसे हरियाणा के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, उद्योग और युवाओं के रोजगार को नई दिशा और नई ऊर्जा देने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार है जब केंद्रीय बजट रविवार के दिन प्रस्तुत किया गया है। यह केंद्रीय नेतृत्व के दूरदर्शी विजन और देश को तेज़ी से आगे ले जाने के मजबूत संकल्प को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह बजट तीन प्रमुख कर्तव्यों—आर्थिक वृद्धि को तेज करना, लोगों की क्षमताओं व आकांक्षाओं का निर्माण करना और “सबका साथ–सबका विकास” की भावना—से प्रेरित है। इसका सीधा लाभ हरियाणा के युवाओं, किसानों, महिला शक्ति, एमएसएमई और श्रमिक वर्ग को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस जनहितैषी बजट के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट का कुल आकार 53.5 लाख करोड़ रुपये का है, जिसमें पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत अधिक है। यह बढ़ा हुआ पूंजीगत व्यय हरियाणा जैसे तेजी से विकसित हो रहे राज्य के लिए वरदान साबित होगा।

उन्होंने कहा कि बजट में राज्यों को कुल 1.4 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर हिस्सा देने का प्रावधान किया गया है। 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार राज्यों का हिस्सा 41 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है। हरियाणा, जो केंद्र को करों में बड़ा योगदान देता है, इससे मजबूत और स्थिर वित्तीय सहायता प्राप्त करेगा। इस राशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, सड़कों और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर किया जाएगा, जिससे जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बढ़ा हुआ पूंजीगत व्यय देशभर में रेल, सड़क, आरआरटीएस (जैसे दिल्ली–गुरुग्राम–फरीदाबाद कॉरिडोर), ईवी चार्जिंग नेटवर्क, इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देगा। हरियाणा में आईएमटी खरखोदा, मानेसर और अन्य क्षेत्रों में नए निवेश आएंगे, जिससे लाखों रोजगार के अवसर सृजित होंगे। आरआईडीएफ और यूआईडीएफ में बढ़ोतरी से ग्रामीण और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूती मिलेगी।

स्किल डेवलपमेंट और टेक्नोलॉजी हब विकसित करने में सहायक होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 पर विशेष फोकस किया गया है। इससे हरियाणा के इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बड़ा लाभ मिलेगा। यह बजट नए निवेश, स्किल डेवलपमेंट और टेक्नोलॉजी हब विकसित करने में सहायक होगा। एमएसएमई, स्टार्टअप और बायोफार्मा सेक्टर के लिए किए गए विशेष प्रावधानों से राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा एक कृषि प्रधान राज्य है और इस बजट में कृषि व ग्रामीण विकास पर विशेष बल दिया गया है। फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इन नए प्रावधानों से हरियाणा के किसानों और एग्री-इंडस्ट्री को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, ‘मेरा पानी–मेरी विरासत’ जैसी राज्य की योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि बजट में मेडिकल टूरिज्म, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्किल डेवलपमेंट, कार्बन कैप्चर और कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग जैसे भविष्य के क्षेत्रों पर भी फोकस किया गया है। महंगाई नियंत्रण, टैक्स सरलीकरण और मध्यम वर्ग को राहत देने वाले कदमों से हरियाणा के नागरिकों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। बायोफार्मा और लाइफ साइंसेज़ के लिए 10,000 करोड़ रुपये के नए इनिशिएटिव से राज्य के हेल्थ सेक्टर को मजबूती मिलेगी।

हरियाणा को एक ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित करने वाला बजट
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह बजट “विकसित भारत @2047” के विजन को साकार करने की दिशा में हरियाणा को एक ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित करने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की मजबूत साझेदारी से राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार, समृद्धि और युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी। केंद्र सरकार का यह बजट हरियाणा की प्रगति को नई गति देगा।

E-Paper 2025