दिल्ली ब्लास्ट की इन्वेस्टिगेशन के बीच आज (17 नवंबर) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह फरीदाबाद में हैं। वह सूरजकुंड में उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उनके आगमन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनका स्वागत किया।
बैठक में 6 राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और सुरक्षा अधिकारी शामिल होंगे। इसमें आंतरिक सुरक्षा को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही महिलाओं व बच्चों के साथ रेप के मामलों को तेजी से सुलझाने के मुद्दे पर बात की जाएगी।
6 मुख्यमंत्री बैठक में भाग लेंगे
डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, बैठक में जम्मू एवं कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर विनय कुमार सक्सेना, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर कविंदर गुप्ता और पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस मुख्य रूप से शामिल हो रहे हैं।
इन विषयों पर होगा बैठक में मंथन
क्षेत्रीय परिषदें, केंद्र और सदस्य राज्य क्षेत्रों के बीच क्षेत्र के मुद्दों और विवादों को हल करने और उन पर प्रगति लाने के लिए मंथन किया जाएगा। राष्ट्रीय महत्व के व्यापक मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। इसमें महिलाओं और बच्चों के खिलाफ रेप के मामलों की जल्दी जांच और इनके शीघ्र निपटान के लिए फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालयों (FTSC) की स्थापना, पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत सुधार, शहरी प्लानिंग, सहकारिता व्यवस्था आदि सहित क्षेत्रीय स्तर के सामान्य हित के विभिन्न मुद्दे शामिल हैं।
अभी तक हो चुकीं 63 बैठकें
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उत्तरी क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष हैं और हरियाणा के मुख्यमंत्री इसके उपाध्यक्ष हैं। सदस्य राज्यों में से एक राज्य के मुख्यमंत्री, हर साल परिषद के उपाध्यक्ष होते हैं। इस क्षेत्रीय परिषद में उत्तरी क्षेत्र के प्रत्येक राज्य के मुख्यमंत्री व दो वरिष्ठ मंत्री, और उत्तरी क्षेत्र के संघ राज्य क्षेत्रों के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं प्रशासक सदस्य हैं।
क्षेत्रीय परिषद ने मुख्य सचिवों के स्तर पर एक स्थायी समिति का भी गठन किया है। पिछले 11 वर्षों में (जून 2014 से अब तक) विभिन्न क्षेत्रीय परिषदों और इनकी स्थायी समितियों की कुल 63 बैठकें आयोजित हुई हैं।