चीन ने अरुणाचल में जन्मी महिला का पासपोर्ट इनवैलिड बताया:कहा- ये राज्य चीन का हिस्सा; महिला ने मोदी से शिकायत की; भारत ने विरोध जताया

ब्रिटेन में रहने वाली भारतीय मूल की महिला पेम वांगजॉम थांगडॉक ने आरोप लगाया है कि चीन के शंघाई एयरपोर्ट पर चीनी इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें घंटों तक रोके रखा और तंग किया।

इंडिया टुडे से बात करते हुए पेम ने कहा कि चीनी अधिकारियों ने उनका भारतीय पासपोर्ट मानने से इनकार कर दिया, क्योंकि उसमें जन्मस्थान के तौर पर अरुणाचल प्रदेश लिखा हुआ था। वह 21 नवंबर को लंदन से जापान जा रही थीं। शंघाई पुडोंग एयरपोर्ट पर उनका 3 घंटे का ट्रांजिट था।

पेम ने आरोप लगाया कि इमिग्रेशन काउंटर पर अधिकारियों ने उनका पासपोर्ट ‘इनवैलिड’ बता दिया और कहा कि अरुणाचल प्रदेश चीन का हिस्सा है। उनसे 18 घंटे पूछताछ की गई और उनका मजाक उड़ाया गया।

पेम ने पीएम मोदी और दूसरे सीनियर अधिकारियों को इससे जुड़ी शिकायती चिट्ठी लिखी है और इस बर्ताव को भारत की संप्रभुता और अरुणाचल प्रदेश के नागरिकों का अपमान बताया है। इसके बाद भारत ने सोमवार को चीन के सामने मामले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

पासपोर्ट जब्त किया, फ्लाइट में नहीं चढ़ने दिया

पेम ने आरोप लगाया कि उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और लीगल वीजा होने के बावजूद उन्हें जापान जाने वाली अगली फ्लाइट में चढ़ने नहीं दिया गया।

पेम ने यह भी आरोप लगाया कि वहां मौजूद कई इमिग्रेशन अधिकारी और चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस के कर्मचारी उनके साथ मजाक करते रहे, हंसते रहे और उन पर चीनी पासपोर्ट के लिए अप्लाई करने को लेकर तंज कसा।

पेम ने कहा कि जो 3 घंटे का ट्रांजिट होना चाहिए था, वह उनके लिए 18 घंटे का परेशान करने वाला हादसा बन गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्हें न सही जानकारी दी गई, न ठीक से खाना मिला और न ही एयरपोर्ट की सुविधाएं इस्तेमाल करने दी गईं।

भारतीय दूतावास की मदद से बाहर निकलीं पेम

ट्रांजिट जोन में फंसने की वजह से पेम न तो नया टिकट बुक कर पा रही थीं, न खाने के लिए कुछ खरीद पा रही थीं और न ही एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल जा सकती थीं।

पेम ने दावा किया कि अधिकारियों ने बार-बार दबाव डाला कि वे चाइना ईस्टर्न की ही नई टिकट खरीदें और पासपोर्ट तभी लौटाया जाएगा। इससे उन्हें फ्लाइट और होटल बुकिंग के पैसे का भारी नुकसान हुआ।

आखिरकार पेम ने ब्रिटेन में मौजूद एक दोस्त की मदद से शंघाई में भारतीय दूतावास से संपर्क किया। भारतीय अधिकारियों ने उन्हें रात की एक फ्लाइट में बैठाकर शंघाई से बाहर निकलने में मदद की।

उन्होंने भारतीय सरकार से मांग की है कि वह इस मुद्दे को बीजिंग के सामने उठाए और इमिग्रेशन अधिकारियों और एयरलाइन स्टाफ पर कार्रवाई की मांग करे। साथ ही यह भी तय किया जाए कि भविष्य में अरुणाचल प्रदेश के भारतीय नागरिकों को ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े।

चीन अरुणाचल को अपना हिस्सा मानता है

चीन लगातार दावा करता है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का नहीं, बल्कि उसका हिस्सा है। इसी वजह से वह कई बार भारतीय नागरिकों, खासकर अरुणाचल में जन्मे लोगों के दस्तावेज मानने से इनकार कर देता है।

चीन का कहना है कि अरुणाचल को वह दक्षिण तिब्बत मानता है, जबकि भारत साफ तौर पर कहता है कि अरुणाचल प्रदेश हमेशा से भारत का अभिन्न राज्य रहा है।

E-Paper 2025