जींद जिले के जुलाना के मालवी गांव में एक मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी और गहनों सहित अन्य सामान चुरा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्रीनगर से लौटने पर टूटे मिले ताले
मालवी गांव की पूनम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति भारतीय सेना में श्रीनगर में तैनात हैं। वह अपने बच्चों के साथ श्रीनगर घूमने गई हुई थी, जिस कारण घर सूना पड़ा था। जब पूनम गांव लौटीं, तो उन्होंने घर का रोशनदान टूटा हुआ और खिड़की की ग्रिल उखड़ी हुई पाई। अंदर कमरों का सामान बिखरा हुआ था।
मकान से ये सामान हुआ चोरी
जांच करने पर पता चला कि घर से दो सोने की अंगूठियां, 88 हजार रुपये नगद, कैंटीन का सामान, पैसों की माला और लगभग 12 किलो देसी घी चोरी हो गया था। पूनम ने गांव के ही मोहित, हार्दिक और गोगा के लड़के पर चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी मोहित ने उन्हें और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
जुलाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी विक्रम जोसन ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।