तरनतारन उपचुनाव का आज थमेगा प्रचार:शाम 6 बजे बाहरी नेताओं को छोड़ना होगा इलाका; 100 बूथ संवेदनशील, 11 नवंबर को छुट्‌टी रहेगी

तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के लिए आज (9 नवंबर) को चुनाव प्रचार थम जाएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सत्ताधारी आम आदमी पार्टी से लेकर हर दल वोटर का दिल जीतने में जुटा हुआ है।

यह मुकाबला काफी रोचक बना हुआ है, क्योंकि पहली बार सांसद व खालिस्तान समर्थक अमरप्रीत सिंह की पार्टी ने अपना उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारा हुआ है। वहीं, चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के बंग्गा से पूर्व विधायक तरलोचन सिंह सूंढ का निधन हो गया।

वहीं, आज शाम से तरनतारन में शराब के ठेके बंद हो जाएंगे। इसके साथ ही बाहर के नेताओं को इलाका छोड़ना होगा। 11 नवंबर को यहां 1.92 लाख मतदाता अपने वोट का प्रयोग करेंगे। सौ पोलिंग बूथ संवेदनशील घोषित किए गए। वहीं, मतदान वाले दिन इलाके में छुट्‌टी रहेगी। सारे शिक्षण संस्थान व दफ्तर बंद रहेंगे।

जानिए अब तक क्या-क्या विवाद हुए

1. तरनतारन उपचुनाव के प्रचार में पंजाब कांग्रेस पार्टी के प्रधान राजा वड़िंग खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल के बहाने खालिस्तान को ले आए। राजा वड़िंग ने पार्टी कैंडिडेट के प्रचार के वक्त कहा लोगों को गैंगस्टर वाला पंजाब बनाना है, जिसमें बंदूकें-फिरौतियां होंगी, या फिर अलग ही मांग करने वालों को? लोग फैसला करें कि उन्हें खालिस्तान चाहिए या फिर हिंदुस्तान। जो जीतेगा, वह हमारे साथ घूमेगा या फिर जेल में बैठा रहेगा।

2. कांग्रेस के प्रधान ने चुनाव पूर्व गृहमंत्री स्व. बूटा सिंह के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था नाम सुनेया बूटा सिंह दा, काला रंग हुंदा सी, जमा काला, पठ्ठे पाउंदा सी पठ्ठे, कांग्रेस ने देश दा गृहमंत्री बनाया। इसके बाद मामला इलेक्शन कमीशन व राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग तक पहुंचा। आयोग ने संज्ञान लिया और उन्हें तलब किया। वहीं, बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह सिद्धू पर पुलिस ने वड़िंग के खिलाफ BNS की धारा 353 और 196 के साथ SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(u) और 3(1)(v) के तहत केस दर्ज किया है।

3. इससे पहले 30 अक्टूबर को शिरोमणि अकाली दल की शिकायत पर निर्वाचन आयोग ने कार्रवाई करते हुए डीएसपी सुखबीर सिंह संधू और जगजीत सिंह चहल का तबादला कर दिया। इसके साथ ही थाना झबाल के प्रमुख सब-इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह का भी तबादला कर दिया गया। दोनों डीएसपी प्रमोशन से पहले चौदह साल से इसी इलाके में तैनात थे। आरोप था कि वे सत्ताधारी दल के पक्ष में काम करते हैं।

4. तरनतारन उपचुनाव के दौरान रैली में भाई जैता की तस्वीर के ऊपर कांग्रेस नेताओं की फोटो लगाने को शिरोमणि अकाली दल ने उठाया। इसी मामले में पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसबीर सिंह गड़ी ने कांग्रेस को एक और नोटिस भेजा है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा को 10 नवंबर को और तरनतारन जिले के डिप्टी कमिश्नर को 17 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के आदेश दिए हैं।

100 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित

निर्वाचन आयोग की तरफ क्षेत्र में कुल 114 स्थानों पर 222 (60 शहरी और 162 ग्रामीण) मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 100 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं।

इसके अलावा 9 मॉडल मतदान केंद्र और महिलाओं के लिए विशेष रूप से समर्पित 3 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। साथ ही, दिव्यांग मतदाताओं और युवा मतदाताओं के लिए एक-एक विशेष मतदान केंद्र भी बनाया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग सुनिश्चित की गई है।

आज से 11 नवंबर तक ड्राई डे घोषित

चुनाव आयोग के मुताबिक 9 नवंबर शाम 6 बजे से 11 नवंबर शाम 6 बजे तक ‘ड्राई डे’ घोषित किया गया है। इस दौरान पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें अवैध शराब की आवाजाही पर कड़ी नजर रखेगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के 768 और पंजाब पुलिस के 876 जवान तैनात किए गए हैं।

सभी 114 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों के 480 जवान तैनात रहेंगे। अवांछनीय तत्वों पर निगरानी रखने, अवैध गतिविधियों को रोकने और शराब, नकदी व नशीले पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण के लिए पड़ोसी जिलों की सीमाओं पर 6 नाके लगाए गए हैं। इसके अलावा मतदान से 72 घंटे पहले 22 पेट्रोलिंग टीमें संवेदनशील मतदान केंद्रों पर गश्त करेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

1.92 लाख मतदाता करेंगे मत का प्रयोग

तरन तारन हलके में कुल 1 लाख 92 हजार 838 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 933 पुरुष मतदाता, 91 हजार 897 महिला मतदाता और 8 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कुल सेवा मतदाता 1,357, 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाता 1,657, एनआरआई मतदाता 306, तथा दिव्यांग मतदाता 1,488 हैं।

18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 3,333 मतदाता हैं। इसके अलावा 114 मतदान केंद्र स्थानों पर कुल 222 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 60 शहरी और 162 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं।

इनमें से 100 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा 9 मॉडल मतदान केंद्र और महिलाओं के लिए विशेष रूप से समर्पित 3 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

साथ ही, दिव्यांग मतदाताओं और युवा मतदाताओं के लिए एक-एक विशेष मतदान केंद्र भी बनाया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग सुनिश्चित की गई है।

57 करोड़ से अधिक सामान व कैश जब्त

तरनतारन सीट के उपचुनाव में आचार आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस ने 57 करोड़ 47 लाख रुपए से अधिक की जब्ती की है। 7 अक्टूबर को आचार संहिता लागू होने से लेकर अब तक पंजाब पुलिस ने 51,429.50 लीटर शराब (मूल्य 32 लाख 89 हज़ार 160 रुपए), 21,811.10 ग्राम नशीले पदार्थ (मूल्य 56 करोड़ 67 लाख 10 हज़ार 500 रुपए), 9 लाख 73 हज़ार 480 रुपए नकद, तथा 37 लाख 85 हज़ार 700 रुपए मूल्य का अन्य सामान जब्त किया है।

E-Paper 2025