दावा- सोमवार तक डिस्चार्ज हो सकते हैं सलीम खान:मुलाकात के बाद हेल्थ अपडेट देते हुए एजाज खान बोले- हालत में सुधार हो रहा है

सलमान खान के पिता और दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान को ब्रेन हेमरेज के बाद वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। बुधवार को लीलावती अस्पताल के डॉक्टर ने सलीम खान की हेल्थ अपडेट दी थी। हालांकि, उसके बाद कथित तौर पर परिवार की ओर से कोई मेडिकल अपडेट पब्लिक न करने की बात कही गई, जिसके बाद उनकी हेल्थ को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया।

वहीं, जी न्यूज की रिपोर्ट में शुक्रवार को दावा किया गया कि एक्टर एजाज खान ने सलीम खान से मुलाकात के बाद बताया कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है। सलीम खान फिलहाल ICU में हैं और सब ठीक रहा तो सोमवार तक वह डिस्चार्ज हो जाएंगे।

बता दें कि सलीम खान की तबीयत का हाल लेने लीलावती अस्पताल में परिवार के अलावा सेलेब्स भी पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को रणवीर सिंह, फराह खान और यूलिया वंतूर जैसे सेलेब्स अस्पताल पहुंचे। रणवीर सिंह, जिन्हें हाल ही में लॉरेंस गैंग से धमकी मिली थी, बढ़ी हुई सुरक्षा के बीच अस्पताल पहुंचे। उनके साथ सुरक्षा काफिला भी मौजूद रहा।

मंगलवार से सलीम खान लीलावती अस्पताल में भर्ती

सलीम खान को मंगलवार सुबह ब्रेन से जुड़ी दिक्कत के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सुबह करीब 8:30 बजे इमरजेंसी में लाया गया। शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों की एक स्पेशल टीम बनाई गई, जिसने उनकी स्थिति का आकलन किया।

बुधवार को लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने जानकारी दी थी कि सलीम खान की डिजिटल सब्स्ट्रैक्शन एंजियोग्राफी (DSA) की गई। डॉक्टरों के मुताबिक, यह ब्रेन सर्जरी नहीं होती। DSA एक एडवांस्ड डायग्नोस्टिक टेस्ट है, जिससे दिमाग की नसों की स्थिति और संभावित ब्लॉकेज को साफ तरीके से देखा जाता है।

डॉक्टरों ने बताया था कि प्रक्रिया के बाद सलीम खान की हालत स्थिर रही। उन्हें कुछ समय तक निगरानी में रखने का फैसला लिया गया। मेडिकल टीम लगातार उनकी रिकवरी पर नजर बनाए हुए है।

परिवार ने हेल्थ अपडेट प्राइवेट रखने को कहा

वहीं, शुक्रवार को जानकारी सामने आई कि सलीम खान का परिवार चाहता है कि उनकी हेल्थ से जुड़ी जानकारी प्राइवेट रखी जाए। वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को अस्पताल के सार्वजनिक बयान से सलमान खान और उनका परिवार नाराज था। परिवार के करीबी सूत्र ने कहा कि सेहत निजी मामला है और मीडिया से बात परिवार पर छोड़नी चाहिए।

1960 के दशक में करियर शुरू हुआ था

सलीम खान 90 साल के हैं। उनका जन्म 24 नवंबर 1935 को हुआ था। वे हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटरों में शुमार हैं।

सलीम खान ने अपने करियर की शुरुआत एक्टिंग से की थी। 1960 के दशक में फिल्म बारात से करियर शुरू हुआ, लेकिन फिल्मों में उन्हें सीमित और छोटे किरदार ही मिले।

लगभग दो दर्जन फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने महसूस किया कि एक्टिंग नहीं, बल्कि राइटिंग असली ताकत है। इसके बाद उन्होंने लेखन की ओर रुख किया और स्क्रिप्ट राइटर बन गए।

‘सलीम-जावेद’ की जोड़ी फेमस हुई

सलीम खान और जावेद अख्तर की जोड़ी ‘सलीम–जावेद’ के नाम से मशहूर रही है। दोनों ने मिलकर हिंदी सिनेमा को कई सुपरहिट और यादगार फिल्में दीं, जैसे जंजीर, दीवार, शोले, डॉन और सीता और गीता। इन फिल्मों की दमदार कहानियां और डायलॉग लोगों के दिलों में बस गए।

उनकी लिखी स्क्रिप्ट ने फिल्मों का अंदाज बदल दिया। उन्होंने मजबूत किरदार, संवाद और सामाजिक मुद्दों को कहानी का हिस्सा बनाया। सलीम-जावेद की सफलता से फिल्म इंडस्ट्री में लेखकों को नई पहचान और सम्मान मिला और उन्हें भी स्टार्स की तरह महत्व मिलने लगा।

E-Paper 2025