दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती कार में सोमवार शाम 6.52 बजे धमाका हुआ। इसमें 2 महिलाओं सहित 9 लोगों की मौत हो गई। ब्लास्ट में 24 लोग घायल हैं। इन घायलों में हिमाचल का शख्स भी शामिल है।
इस शख्स की पहचान हमीरपुर जिले के तिलकराज (45) पुत्र कृष्ण चंद के रूप में हुई है, जिस ब्लास्ट में चोटें आई हैं। परिवार के मुताबिक, तिलकराज अभी अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका उपचार चल रहा है। यहां परिवार उसके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है।
उधर, डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह और SP भगत ठाकुर ने बताया कि घायल तिलकराज की अब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। इस वजह से दिल्ली ब्लास्ट में घायल व्यक्ति की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई। परिवार और दिल्ली की टीमों से संपर्क किया जा रहा है।
वहीं, दिल्ली ब्लास्ट पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुख जताया और हादसे में मृत लोगों की आत्मा की शांति को प्रार्थना की।
दिल्ली बम धमाके में हुई 9 लोगों की मौत, 24 घायल
बता दें कि दिल्ली में लाल किले के पास कार में धमाके से 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 24 लोग घायल हैं। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती कार में सोमवार शाम 6.52 बजे हुआ। ब्लास्ट से पहले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें एक सफेद आई-20 कार पार्किंग से निकलती दिख रही है। इसमें आतंकी मोहम्मद उमर के होने का शक है।
हिमाचल के बॉर्डर एरिया पर बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली बम धमाके के बाद हिमाचल के DGP अशोक तिवारी ने बॉर्डर एरिया में पुलिस को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं। DGP ने सभी जिलों के SP को सतर्कता बरतने को कहा है। इसके बाद, बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाले वाहनों की बॉर्डर एरिया पर जांच की जाएगी। खासकर संदिग्ध लोगों और वाहनों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रमुख शक्तिपीठों और बड़े मंदिरों की भी सुरक्षा भी बढ़ाई गई
इस धमाके की के बाद हिमाचल प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों और बड़े मंदिरों की भी सुरक्षा बढ़ाने को कह दिया गया है। DGP के निर्देशों पर थाना प्रमुख और चौकी इंचार्ज अलर्ट हो गए हैं। बीती रात से सभी बॉर्डर एरिया में जांच के बाद ही वाहनों को प्रवेश दिया गया। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए हैं।
पर्यटन स्थलों पर भी खुफिया एजेंसियों की नजर
डीजीपी ने गश्त बढ़ाने खासकर सीमावर्ती इलाकों जैसे ऊना, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर और कांगड़ा में निगरानी रखने के आदेश जारी किए है। खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क रहने को बोला गया है। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी नजर रखी जा रही है। निर्देश जारी किए गए है कि यदि कोई संदिग्ध दिखाई दे तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस काे दें।
दिल्ली धमाके की बड़ी अपडेट्स
- मरने वालों की उम्र 21 से 58 साल के बीच है। इनमें से दो शवों की पहचान हो सकी है। धमाके में लोग बुरी तरह जल गए या कुछ के शरीर के टुकड़ों में दूर-दूर तक बिखर गए। ब्लास्ट कार के पिछले हिस्से में हुआ। इसकी आवाज एक किमी तक सुनाई दी। धमाके से आसपास खड़ी 6 कारें, 2 ई-रिक्शा और 1 ऑटो जल गए।
- पुलिस के मुताबिक जिस कार में धमाका हुआ उसमें तीन लोग थे। कार हरियाणा के गुरुग्राम में सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी। पुलिस ने सलमान को हिरासत में ले लिया है। सलमान ने कार पुलवामा के तारिक को बेची थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
- ब्लास्ट को लेकर गृह मंत्री अमित शाह हाई लेवल मीटिंग करेंगे। इसमें इंटेलीजेंस ब्यूरो चीफ, जम्मू कश्मीर पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियों के बड़े अधिकारी शामिल होंगे। NIA इस केस की जांच अपने हाथ में ले सकती है।