दोस्ती से प्यार, फिर शादी तक पहुंचा अंकित-संध्या का रिश्ता:छह साल पहले ढिकौली में रिश्तेदार के यहां मिली थी नजर, संध्या के बयान दर्ज

यूपी पुलिस की कांस्टेबल संध्या और गैंगस्टर अंकित ठाकुर की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। बताया जाता है कि जब संध्या कक्षा 9 में थी, तभी उसकी अंकित से मुलाकात हुई। इस रिश्ते की शुरुआत दोस्ती से हुई और बात प्यार निभाने तक पहुंच गई। उन्होंने एक होने का मन बना लिया।

पहले जानिए क्या है मामला

ग्राम अकबरपुर सादान निवासी संध्या भारद्वाज की रविवार को बारात आनी थी लेकिन चंद घंटे पहले ही एक बदमाश ने संध्या का अपहरण कर लिया। यूपी पुलिस की सिपाही का मामला अफसरों तक पहुंचा तो अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। चार टीमें तलाश करने में लगा दी गईं। देर शाम लगभग आठ घंटे बाद संध्या को तो बरामद कर लिया गया लेकिन अपहरण का आरोपी अंकित ठाकुर पुलिस के हाथ नहीं आया।

शादी करने से किया था इंकार

पुलिस छानबीन में सामने आया कि संध्या परिवार द्वारा तय किए गए रिश्ते से खुश नहीं थी। वह अपनी मर्जी से अंकित से शादी करना चाहती थी लेकिन पिता व परिवार मना कर चुका था। काफी दबाव बनाने के बाद उसे शादी के लिए मनाया गया लेकिन ऐन शादी वाले दिन ही अंकित, संध्या को अगवा कर ले गया।

रिश्तेदार के घर हुई थी मुलाकात

पुलिस कांस्टेबल संध्या की मुलाकात अंकित से सबसे पहले ढिकौली गांव निवासी अपने रिश्तेदार के यहां हुई थी। उस रिश्तेदार के घर अंकित ठाकुर का भी आना जाना था। धीरे धीरे दोनों के बीच दोस्ती और फिर अकसर मुलाकातें शुरु हो गयीं। काफी लंबे समय संध्या अपने उस रिश्तेदार के घर रहा करती थी लेकिन फिर अचानक वहां आना जाना बंद हो गया।

जंगेड़ी के सिपाही से हुआ रिश्ता

जिस सिपाही अतुल से संध्या का रिश्ता हुआ, वह मीरापुर के ग्राम जंगेड़ी का रहने वाला है और उसकी तैनाती अलीगढ़ के बनना देवी थाने में है। मीरापुर से ही बारात आनी थी। उससे पहले ही यह वारदात हो गई। अतुल के परिवार ने नाराजगी जताते हुए रिश्ता तोड़ दिया। इसी के बाद संध्या के पिता की हालात बिगड़ी।

बयान के बाद अपने घर लौटी कांस्टेबल

पुलिस की टीमों ने आठ घंटे के भीतर ही अगवा संध्या को बरामद कर लिया। हालांकि आरोपी अंकित ठाकुर पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। थाने में संध्या के बयान दर्ज हुए। इसके बाद सोमवार को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। यहां बंद कमरे में महिला मजिस्ट्रेट ने संध्या के बयान दर्ज किये। यहां से संध्या अपने पिता के साथ घर लौट गई। चर्चा है कि उसने अंकित के साथ अपनी मर्जी से जाने की बात स्वीकारी है।

अंकित की गिरफ्तारी को लगाई टीमें

अंकित गैंगस्टर का आरोपी है और उसके खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। रविवार को पुलिस टीमों ने इतनी तेजी के साथ एक्शन शुरु किया कि उसका परिणाम भी पहले ही तय हो गया। जिस तरह की उम्मीद की जा रही थी, वैसा ही हुआ। अंकित तो नहीं आया लेकिन उसने संध्या को जरूर भेज दिया। यह बात भी संध्या ने अपने पुलिस को दिए बयानों में दर्ज कराई है। अब क्योंकि मुकदमा दर्ज है, इसलिए पुलिस अंकित की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।

E-Paper 2025