नारनौल में बुजुर्ग महिला पर तेजधार हथियारों से हमला:खेत में घूमने के लिए गई थी; हालत गंभीर; रोहतक रेफर

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल शहर से सटे गांव नीरपुर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला पर अज्ञात लोगों द्वारा तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने थाना शहर नारनौल में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गांव नीरपुर के अजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कादीपुरी रोड पर श्री श्याम वॉशिंग सेंटर का संचालन करता है। उसकी माता बनारसी देवी रोजाना की तरह खेतों में घूमने के लिए घर से निकली थी। उसे सूचना मिली कि वे गांव से नेशनल हाईवे 152 डी की ओर जाने वाले रास्ते में सरसों के खेत में घायल अवस्था में पड़ी हुई हैं।

परिवार को अचेत अवस्था में मिली

सूचना मिलते ही अजय कुमार अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां उसकी माता अचेत अवस्था में मिली, उन्हें तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।

गुरुग्राम में कराया एडमिट

इसके बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल नारनौल तथा फिर पार्क अस्पताल गुरुग्राम लेकर पहुंचे। पार्क अस्पताल में ICU बेड उपलब्ध न होने के कारण उन्हें वहीं भर्ती किया गया, जहां फिलहाल वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

जान से मारने की नियत

पीड़ित के अनुसार, उसकी माता पर अज्ञात हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से तेजधार हथियार से हमला किया है। घटना के पीछे कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में पूछताछ व साक्ष्य जुटाने का कार्य किया जा रहा है। महिला की हालत नाजुक होने के चलते पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

E-Paper 2025