भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने गुरुवार (28 अगस्त) के लिए हरियाणा में कोई अलर्ट जारी नहीं किया। हालांकि, 13 जिलों में बूंदाबांदी जरूर हो सकती है। इनमें पंचकूला, अंबाला, करनाल, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अगस्त से प्रदेश में तेज बारिश होगी जो 3 दिन जारी रहेगी। प्रदेश में इस सीजन सामान्य से अधिक बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में, जबकि सिरसा में सबसे कम बारिश दर्ज हुई है।
- बुधवार को मौसम खराब रहा। सुबह फरीदाबाद में तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों पर भारी जलभराव हुआ। बस स्टैंड पर भी पानी भर गया। लोग पानी के बीच से निकलते दिखे। फरीदाबाद में भी पानी भरे गड्ढे में बाइक सवार गिरकर डूब गया। हालांकि, उसे लोगों ने बचा लिया। इसके साथ यहां एक कार नाले पर चढ़ गई। तेज बारिश से शीशों पर भाप जमने के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। इसके कारण ड्राइवर को सड़क पर बना नाला दिखाई नहीं दिया।
- बारिश के बाद हरियाणा रोडवेज की सेवाएं प्रभावित हुईं। पठानकोट, जम्मू और कटरा के लिए बस सेवाएं बंद कर दी गई। रेलवे ने 18 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया।
- सिरसा में घग्गर नदी तटबंध टूटने से ओवरफ्लो हो गई। झज्जर, चरखी दादरी, कैथल और सोनीपत में करंट लगने से एक बच्चे समेत 4 की मौत हो गई। वहीं, गुरुग्राम के बादशाहपुर में घर की छत गिरने से दंपती दब गया, जिसमें महिला की मौत हो गई।
- 29 अगस्त: पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल और कुरूक्षेत्र में तेज बारिश की संभावना है।
- 30 अगस्त: 4 जिलों, अंबाला, यमुनानगर, मेवात और पलवल में तेज बारिश का अलर्ट है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल और जींद में बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी तेज बारिश की संभावना है।
- 31 अगस्त: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में यलो अलर्ट है। वहीं, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, कैथल और जींद में बूंदाबांदी की संभावना रहेगी। जबकि, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।