पूर्णिया में सीएम नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा:पूरणदेवी मंदिर में पूजा करेंगे; 500 करोड़ की 200 योजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे फेज में आज पूर्णिया पहुंचेंगे। यहां 500 करोड़ की 200 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मां पूरणदेवी मंदिर, इंदिरा गांधी स्टेडियम और डेयरी, मत्स्य और पशुपालन प्रशिक्षण केंद्र जाएंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिन स्थानों पर कार्यक्रम तय है, वहां खास तैयारियां की गई है। वहीं, सीएम की सुरक्षा को पुख्ता इंतजाम किया गया है। ट्रैफिक रूट में भी बदल किए गए है।

‘समृद्धि यात्रा’ की शुरुआत 10 मार्च (मंगलवार) को सुपौल और मधेपुरा से हुई थी, जो 14 मार्च को शेखपुरा में खत्म होगी।

सबसे पहले मां पूरणदेवी मंदिर जाएंगे सीएम

समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह 11 बजे पूर्णिया पहुंचेंगे। सबसे पहले शहर के प्रसिद्ध मंदिर मां पूरणदेवी मंदिर जाएंगे। यहां मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट रुकेंगे। फिर यहां से थाना चौक स्थित मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के कार्यालय जाएंगे। यहां विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करेंगे।

इंदिरा गांधी स्टेडियम में जनसंवाद के बाद कटिहार होंगे रवाना

सीएम नीतीश कुमार शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम जाएंगे। जहां वे जीविका दीदियों और लोगों के साथ जनसंवाद करेंगे। इसको लेकर विशाल पंडाल, बैठने की विशेष व्यवस्था, पेयजल, टॉयलेट, पार्किंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम में ही मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। इसके बाद वे कटिहार के लिए रवाना हो जाएंगे।

एक दिन पहले किशनगंज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के दौरे पर यात्रा के दूसरे दिन वे अररिया और किशनगंज पहुंचे। किशनगंज में CM ने जिलों में 190 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

किशनगंज में सीएम नीतीश की स्पीच की बड़ी बातें

  • 2005 के पहले कुछ नहीं था: 24 नवंबर 2005 को पहली बार NDA सरकार बनी थी। उसके पहले जो सरकार थी उन लोगों ने कोई काम नहीं किया। जब से हम लोगों का काम शुरू हुआ तब से कानून का राज है। हम विकास के काम में लगे हैं। इससे पहले बिहार में कुछ नहीं था। बहुत बुरा हाल था।
  • जंगलराज की याद दिलाई: उन लोगों के राज में लोग शाम से बाहर नहीं निकलते थे। शाम में उन लोगों ने सभी को बंद कर दिया था। हत्या, लूट, डकैती यही सब होता था।
  • वो हिंदू-मुस्लिम झगड़े करवाते थे: पहले हिंदू-मुस्लिम झगड़े होते थे। राज्य में अब प्रेम भाईचारे का माहौल है। पहले वाले में बहुत बुरा हाल था। 2006 से ही हमने कब्रिस्तान की घेराबंदी शुरू की। अब मुस्लिम का कोई झगड़ा झंझट नहीं होता है। हिंदू मंदिरों में कुछ गड़बड़ होने लगी। 2016 में हमने हिंदू मंदिरों की भी घेराबबंदी करवाई।
  • 5 साल में 1 करोड़ नौकरी-रोजगार देंगे: हमने 50 लाख युवाओं को नौकरी दी है। आने वाले 5 सालों में हम 1 करोड़ लोगों को रोजगार और नौकरी देने का वादा किया। सरकार हिंदू-मुस्लिम सभी वर्गों के लिए काम कर रही है।
  • सरकार ने महिलाओं के काम किए: सरकार ने महिलाओं के लिए भी काम किए हैं। पुलिस में महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण दिया गया है। 2016 से महिलाओं के लिए नौकरी में आरक्षण लेकर आए। पहले स्वयं सहायता समूह की संख्या कम थी। 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर हमने स्वयं सहायता समूह बनाया। इसका नाम हमने जीविका दीदी रखा।
  • केंद्र सरकार की तारीफ की: बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। जुलाई 2024 के बजट में बिहार को विशेष आर्थिक बजट के रूप में बड़ी राशि दी गई। केंद्र ने मखाना बोर्ड बनाया। इन सब कामों के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी का नमन करते हैं। वो बिहार में घूमते रहते हैं। केंद्र सरकार के द्वारा भी बिहार में सब काम किया जा रहा है।
  • सरकार के काम गिनवाए: हमने सबसे पहले शिक्षा के क्षेत्र में काम किया। स्कूलों में शिक्षकों की बहाली की। लड़के-लड़कियों के लिए पोषाक योजना चलाई। 2 लाख 58 हजार सरकारी शिक्षकों की बहाली की गई। कुल मिलाकर सरकारी टीचरों की संख्या 5 लाख से ज्यादा हो गई है। पहले स्वास्थ्य व्यवस्था बहुत खराब थी।
E-Paper 2025