आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पंजाब में आई बाढ़ को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की स्थिति बेहद नाजुक है। लोग और सरकार मिलकर राहत कार्य में जुटे हुए हैं, लेकिन इसमें समय लगेगा। ये बयान उन्होंने मुंबई में दिया।
पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा- असली तस्वीर तब सामने आएगी जब पानी नीचे जाएगा। तभी यह स्पष्ट हो पाएगा कि किसानों और आम लोगों को कितना नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि किसानों की हजारों हेक्टेयर जमीन जलमग्न हो गई है, जिस पर फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। इसके अलावा कई लोगों के घर भी बाढ़ के पानी में बह गए हैं।
हरभजन बोले- भारी मात्रा में रेत हटाना आसान नहीं होगा
उन्होंने सबसे बड़ी चुनौती को चिह्नित करते हुए कहा कि पानी के साथ खेतों में आई भारी मात्रा में रेत को हटाना आसान नहीं होगा। यदि यह रेत समय रहते साफ नहीं की गई तो किसानों के लिए अगली फसल बोना मुश्किल हो जाएगा।
हरभजन सिंह ने समाज और सक्षम लोगों से अपील की कि वे आगे आकर बाढ़ पीड़ितों की मदद करें। उन्होंने कहा कि सरकार और स्थानीय प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है। लेकिन ऐसे समय में समाज का सहयोग बेहद जरूरी है।
हरभजन ने यह भी कहा कि केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार के लोग भी बाढ़ की मार झेल रहे हैं। उन्होंने कामना की कि सभी प्रभावित लोग जल्द इस आपदा से उबरें और सामान्य जीवन में लौट सकें।